
न्यूयॉर्क, 09 सितंबर (हि.स.)।फ्रांसेस टियाफोए ने शानदार जुझारूपन का परिचय देते हुए यूएस ओपन 2026 के पुरुष एकल सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 11वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी ने मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में एलेक्स माइकलसन को 5-7, 3-6, 7-5, 6-3, 7-6 (10-6) से हराया।
टियाफोए ने मुकाबले में पहले दो सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी की। वह निर्णायक पांचवें सेट में भी 0-3 से पीछे थे, लेकिन उन्होंने लगातार वापसी करते हुए चार घंटे 38 मिनट तक चले मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद टियाफोए नेट के दूसरी तरफ पहुंचे, जहां 22 वर्षीय माइकलसन अपने पहले ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल के निराशाजनक अंत के बाद रो रहे थे। टियाफोए ने उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी।
टियाफोए ने मैच की शुरुआत को लेकर कहा, यह अच्छा नहीं था, इसे इसी तरह कहना चाहिए। यह बिल्कुल अच्छा नहीं था। पांच में से तीन सेट का प्रारूप एक वरदान है, क्योंकि आपके पास वापसी करने और चीजों को सही करने का समय होता है। मैंने निश्चित रूप से आखिरी समय तक इंतजार किया।
टियाफोए इससे पहले 2022 और 2024 में भी यूएस ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे थे। अब सेमीफाइनल में उनका सामना गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज और आठवीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।
टियाफोए ने 2022 के सेमीफाइनल में अल्काराज के खिलाफ हार झेली थी, जबकि 2024 में उन्हें हमवतन टेलर फ्रिट्ज ने हराया था। इस बार टियाफोए की जीत ने अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी के ग्रैंड स्लैम खिताब के लंबे इंतजार को खत्म करने की उम्मीदों को फिर मजबूत किया है। अमेरिका ने आखिरी बार 2003 में एंडी रॉडिक के जरिये पुरुष एकल ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था।
माइकलसन मुकाबले में मजबूत स्थिति में थे। वह टूर्नामेंट में एक भी सेट गंवाए बिना क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे और तीसरे सेट में 5-4 की बढ़त के साथ मैच जीतने के लिए सर्विस कर रहे थे। हालांकि, लगातार दो डबल फॉल्ट के बाद वह दबाव में आ गए और टियाफोए ने ब्रेक हासिल कर तीसरा सेट अपने नाम कर लिया।
माइकलसन ने कहा, मुझे लगा कि पहले तीन सेट में मैं उस पर हावी था। वह फ्रांसेस की तरह नहीं खेल रहे थे। फिर 5-4 पर मैंने उन्हें वापसी का मौका दे दिया। इसके बाद वह आर्थर ऐश में अपने अंदाज में खेलने लगे। फिर मुकाबला पूरी तरह संघर्ष में बदल गया।
पांचवें सेट में भी माइकलसन ने शुरुआत में टियाफोए की सर्विस तोड़कर 3-0 की बढ़त बना ली थी। टियाफोए ने गुस्से में एक समय अपना रैकेट कोर्ट पर पटक दिया, लेकिन इसके बाद उन्होंने फिर वापसी की। मैच टाईब्रेक में टियाफोए ने लगातार तीन अंक जीतकर 7-4 की बढ़त बनाई और फिर 135 मील प्रति घंटे की रफ्तार से ऐस लगाकर जीत की ओर कदम बढ़ाया।
इस जीत के साथ टियाफोए इस सदी में आंद्रे अगासी के बाद तीन बार यूएस ओपन सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दूसरे अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। अगले विश्व रैंकिंग में वह तीन साल बाद पहली बार शीर्ष-10 में भी वापसी करेंगे। वहीं, 46वीं रैंकिंग वाले माइकलसन पांच सेट तक गए मुकाबलों में अपनी छठी हार के साथ अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं कर सके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे