- विश्व की सबसे बड़ी अयोध्या की श्रीरामलीला ने की तैयारी, 17 से 22 जनवरी तक होगा मंचन
आयोध्या, 30 नवम्बर (हि.स.)। 22 जनवरी 2024 को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर विश्व की सबसे बड़ी अयोध्या की श्रीरामलीला ने रामलीला मंचन की तैयारी की है। 17 से 22 जनवरी 2024 तक होने वाले इस आयोजन में 14 से अधिक देशों के विदेशी कलाकार शिराकत करेंगे। ये विदेशी कलाकार अयोध्या में होने वाले भगवान श्रीराम और उनके परिवार की प्राण प्रतिष्ठा समारोह साक्षी बनेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेशी मेहमानों की मौजूदगी में 22 जनवरी 2024 को अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इसे समारोह पूर्वक मनाये जाने की तैयारी है। लेकिन विश्व की सबसे बड़ी अयोध्या की रामलीला ने अब इसे और विशेष बनाने की तैयारी है। भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को और खास बनाने के लिए विदेशी धरती पर जन्मे और उसी संस्कृति में पले-बढ़े 14 से अधिक देशों के कलाकार उनकी लीला का मंचन करने आ रहे हैं। ये अपने अभिनय से भारतीय संस्कृति को पुष्ट करेंगे। विदेशी धरती पर, भगवान श्रीराम के आदर्शों का प्रचार प्रसार करने का रास्ता भी साफ करेंगे।
इन देशों के आएंगे कलाकार
श्रीरामलीला मंचन में हिस्सा लेने के लिए लंदन, दुबई, रूस, मलेशिया, अमेरिका, इजरायल, अफगानिस्तान, जापान, चीन, जर्मनी, थाईलैंड, बांग्लादेश, पाकिस्तान और इंडोनेशिया जैसे देशों के कलाकार अयोध्या आने वाले हैं। इन विदेशी कलाकारों के ठहरने का इंतजाम लखनऊ में रहेगा।
आयोध्या की श्रीरामलीला में करेंगे अभिनय
सुभाष मालिक ने बताया कि इन देशों के कलाकार अयोध्या की श्रीरामलीला में अभिनय करेंगे। ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसी भी श्रीरामलीला में इतनी बड़ी संख्या में विदेशी कलाकार अभिनय करने आ रहे हैं।
बता दें कि अयोध्या की श्रीरामलीला विश्व की सबसे बड़ी श्रीरामलीला है। इसको कोरोना काल में शुरू किया गया था। वर्ष 2020 से ही भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में इनके द्वारा हर वर्ष श्रीरामलीला का मंचन किया जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. आमोदकांत /मोहित