शिक्षा मंत्रालय उल्लास: नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 8 सितंबर तक मना रहा साक्षरता सप्ताह

01 Sep 2023 17:44:25

नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। केन्द्र सरकार ने उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के बारे में सभी नागरिकों के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाने के लिए 1 सितंबर से 8 सितंबर तक साक्षरता सप्ताह आयोजित करने का निर्णय लिया है।

शिक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि सप्ताह भर चलने वाला साक्षरता अभियान राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक में कर्तव्यबोध और जनभागीदारी की भावना पैदा करने के लिए बड़े पैमाने पर भागीदारी को सक्षम करेगा। यह दृष्टिकोण योजना को लोकप्रिय बनाएगा और हमें भारत को पूर्ण साक्षर बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करेगा।

साक्षरता सप्ताह में गतिविधियों का एक स्पेक्ट्रम शामिल होगा, जिसके बाद 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया जाएगा। एक अन्य मुख्य उद्देश्य उल्लास मोबाइल ऐप पर शिक्षार्थियों और स्वयंसेवकों के लिए पंजीकरण की संख्या में वृद्धि करना होगा।

एक केंद्र प्रायोजित योजना उल्लास- नव भारत साक्षरता कार्यक्रम सभी के लिए शिक्षा (जिसे पहले वयस्क शिक्षा कहा जाता था) को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप वित्त वर्ष 2022-27 के दौरान कार्यान्वयन के लिए भारत सरकार द्वारा अनुमोदित किया गया था। इस योजना में पांच घटक (i) मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता, (ii) महत्वपूर्ण जीवन कौशल, (iii) बुनियादी शिक्षा, (iv) व्यावसायिक कौशल, (v) सतत शिक्षा हैं। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का लोगो, नारा/टैगलाइन-जन जन साक्षर और लोकप्रिय नाम- उल्लास (समाज में सभी के लिए आजीवन सीखने की समझ) को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा 29 जुलाई को नई दिल्ली में लॉन्च किया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/सुशील

/दधिबल

Powered By Sangraha 9.0