हनुमानगढ़, 5 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि गोगाजी महाराज के मंदिर में मैंने पूजा कर राजस्थान को सुजलाम-सुफलाम बनाने और प्रगति के लिए परिवर्तन यात्रा को शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है। राजस्थान में परिवर्तन की मांग की है। मैं भी किसान हूं और किसान का बेटा हूं। मैं उस क्षेत्र से आता हूं, जहां किसान आत्महत्या के सारे रिकॉर्ड टूट गए, महाराष्ट्र के विदर्भ में दस हजार से ज्यादा किसानों ने पानी की कमी के चलते आत्महत्या कर ली। आज किसान की सबसे बड़ी समस्या है खेत को पानी मिलना। राजस्थान में भी पानी की कमी है। किसान के कुएं और बोर में पानी होगा तो ही वह दोगुनी फसल पैदा करेगा और उसकी समृद्धि होगी। आपको एक मंत्र देना चाहूंगा कि दौड़ने वाले पानी को चलने में लगाओ, चलने वाले पानी को रुकने के लिए और रुकने वाले पानी को जमीन को पीने के लिए। गांव का पानी गांव में- खेत का पानी खेत में और घर का पानी घर में काम में लोगे तो कुएं में चौबीस घंटे पानी आएगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को हनुमानगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गोगामेड़ी से भाजपा की चौथी परिवर्तन यात्रा के आगाज के समय आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों का भला पुराने ढर्रे पर चलने से नहीं होगा। आज किसान को अन्नदाता, ऊर्जादाता, बिटुमिन दाता और हाइड्रोजन दाता बनाने का समय है। आज गन्ने के जूस, सीरा, मक्के, ज्वारी, बाजरा और सभी चीजों से एथेनॉल बनता है। इस दिशा में किसानों को सोचने की जरूरत है। अभी दस दिन पहले टोयोटा की एक कार इनोवा लांच करने के अवसर पर मुझे बुलाया गया था। ये सभी कारें एथेनॉल वाले ईंधन से चलने वाली कारें होंगी। चावल की पराली से भी एथेनॉल बनाने का काम चल रहा है। किसान तभी आत्मनिर्भर बनेगा, जब इस तरह के आधुनिक पहल में साझेदार होगा। इसलिए राजस्थान में विकास चाहते हैं तो परिवर्तन लाइए और विकास में सहयोग कीजिए।
जनसभा में गडकरी ने कहा कि चूरू के सांसद राहुल कस्वां और नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने तीन आरओबी रक्षासेतु बंधन योजना मुझसे मांगे हैं, जिसमें नोहर, गोगामेडी और भादरा शामिल हैं। इन तीनों को मैं मंजूरी देता हूं। चूरू रिंग रोड की मांग की भी मंजूरी और डीपीआर पर आज से ही काम शुरू करने को कहा है। हमने नदियों को जोड़ने का काम किया, यमुना संपर्क परियोजना, साबरमती परियोजना, पार्वती संपर्क परियोजना और राजस्थान में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे, बाईपास सड़क, 15 आरओबी बनाने का काम किया। राजस्थान में किसान कपास उगाता है लेकिन कपास सस्ती, कपड़ा महंगा, संतरा सस्ता, जूस मंहगा है। इसलिए मैं कहना चाहूंगा कि आज का समय तकनीक का है। बीते नौ सालों में आपके राजस्थान में चार गुना ज्यादा सड़कें बनी हैं। यह राजस्थान के लिए ऐतिहासिक काम है। देश के पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं, जिनके राज में सबसे ज्यादा राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं।
प्रदेश में भाजपा की चौथी परिवर्तन यात्रा काे धार्मिक स्थल गोगामेड़ी से केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। परिवर्तन यात्रा 18 दिन में 2110 किमी की दूरी तय कर 50 विधानसभा क्षेत्र कवर करेगी। यात्रा हनुमानगढ़ जिले के बाद श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झूझुंनूं और अलवर के 50 विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। प्रत्येक विधानसभा मुख्यालय पर एक आम सभा और अन्य स्थानों पर स्वागत सभाएं होंगी। यात्रा के समापन के बाद 25 सितम्बर को जयपुर में बड़ी सभा होगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे।
वसुंधरा राजे ने कहा कि इस धरती के लोग पूरे देश का पेट भरने का काम करते हैं। अशोक गहलोत के राज में यहां चार दर्जन से अधिक किसान सुसाइड कर चुके हैं। हनुमानगढ़ जिले के किसान सुरजाराम ने कर्जमाफी नहीं होने से सुसाइड कर लिया। इस सरकार ने 19 हजार किसानों की भूमि कुर्क की। किसानों को पानी नहीं देकर 1200 रुपये घंटे में हरियाणा में पानी बेचा जा रहा है। कपास में गुलाबी सुंडी रोग लगने से किसानों की फसलें बर्बाद हैं। छोटे बच्चे तक हेरोइन और चिट्टा जैसे नशे की चपेट में हैं। नोहर के कन्हैया लाल ने दो बार पेपर लीक होने के कारण सुसाइड कर लिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए चौथा रथ रवाना हो गया है। कर्ज के कारण जिन किसानों ने सुसाइड किया, उनकी जिम्मेदारी गहलोत सरकार की है। सनातन को खत्म करने के लिए बाहर से अकबर भी आया और औरंगजेब भी आया लेकिन मिटाने वाले खुद ही मिट गए। जिन्होंने हत्या की है, उन्हें सजा दिलाई जाएगी। एक ओर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तिरंगा पूरी दुनिया में फहरा रहा है, रूस और यूक्रेन तिरंगा देखते ही बमबारी बंद कर देते हैं और यहां तिरंगा यात्रा पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। एक ओर हिन्दुओं के त्योहारों पर रोक लगाई जा रही है, दूसरी ओर ताजियों पर डीजे बजाया जा रहा है। ये राजस्थान है तालिबान नहीं है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि ये लाल डायरी की सरकार है। सरकार का हिस्सा रहे मंत्री की लाल डायरी। जिसे लेकर मुख्यमंत्री ने कहा-अगर तुम नहीं होते तो मेरी सरकार नहीं बचती। ये वही लाल डायरी है। इसमें सरकार का भ्रष्टाचार छिपा है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया जा रहा है। महिलाओं और युवाओं पर अत्याचार इस सरकार की देन है।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर/दधिबल