देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.83 अरब डॉलर घटकर 640.33 अरब डॉलर पर

युगवार्ता    26-Apr-2024
Total Views |
विदेशी मुद्रा भंडार के लोगो का फाइल फोटो 


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। लगातार दूसरे हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 19 अप्रैल को समाप्त हफ्ते में 2.28 अरब डॉलर लुढ़कर 640.33 अरब डॉलर रहा गया है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि 19 अप्रैल को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.28 अरब डॉलर घटकर 640.33 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले हफ्ते देश का विदेशी मुद्रा भंडार कई सप्ताह तक बढ़ने के बाद 5.40 अरब डॉलर घटकर 643.16 अरब रह गया था। इस दौरान मुद्रा भंडार का अहम घटक मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.79 अरब डॉलर घटकर 560.86 अरब डॉलर रह गई है।

आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान स्वर्ण भंडार का आरक्षित मूल्य 1.01 अरब डॉलर बढ़कर 56.81 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। हालांकि, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 4.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.03 अरब डॉलर रह गया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित जमा भी 20 लाख डॉलर घटकर 4.63 अरब डॉलर रह गई है।

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 5 अप्रैल, 2024 को समाप्त हफ्ते में 648.56 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रजेश/सुनीत

Tags