पूर्वोत्तर के बाद अब पूर्व में भी खिलेगा कमल : डॉ. जितेंद्र सिंह

युगवार्ता    06-May-2024
Total Views |
Jitendra singh


कोलकाता, 06 मई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि पूर्वोत्तर के बाद अब भाजपा पूर्व में भी जीत सुनिश्चित करने जा रही है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में विकास कार्य किए हैं। पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब 2014 में मोदी ने सत्ता संभाली थी, तब पूर्वोत्तर में एक भी राज्य ऐसा नहीं था, जहां भाजपा अकेले या गठबंधन में शासन करती हो।

सिंह ने कहा कि उस समय, अधिकांश आलोचकों और टिप्पणीकारों के लिए यह सोचना अकल्पनीय था कि एक दिन पूरा पूर्वोत्तर भाजपामय हो जाएगा लेकिन समय के साथ-साथ, जैसे-जैसे लोग प्रधानमंत्री के फास्ट-ट्रैक विकास एजेंडे और समाज के हर वर्ग के लिए समान और निष्पक्ष व्यवहार के प्रति जागरूक हुए, पूर्वोत्तर के सभी राज्यों ने भाजपा और उसके सहयोगियों को वोट देना शुरू कर दिया। आखिरकार, पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों में ऐसी सरकारें हैं, जिनमें भाजपा शामिल है। केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने दावा किया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल द्वारा शुरू किए गए भ्रष्टाचार, मनमानी और हिंसा का दुष्चक्र भी समाप्त हो रहा है। मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्वी भारत के दोनों प्रमुख राज्य - पश्चिम बंगाल और ओडिशा - लोकसभा चुनावों में भाजपा को अधिकतम सीटें देंगे। उन्होंने कहा, “पूर्वोत्तर के बाद, ‘कमल’ (भाजपा का चुनाव चिन्ह) पूर्व में खिलने के लिए तैयार है।”

श्रीरामपुर में पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होना है। उन्होंने कहा, चार जून को जब लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होंगे, तो पूरी दुनिया देखेगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के 10 साल के भीतर, पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा के आगमन को चिह्नित करने वाला ''कमल'' पश्चिम बंगाल में भी भाजपा के आगमन का संकेत देगा। सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा को पूरे भारत में सर्वसम्मति से समर्थन मिल रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री ने राजनीतिक व्यवहार के मानदंड को ऊंचा उठाया है और सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टिकरण नहीं करने की संस्कृति शुरू की है। 400 से अधिक सीटों के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए सिंह ने कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह महसूस करना महत्वपूर्ण है कि आम जनता ने मोदी को इस लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करने का मन बना लिया है और “अब यह हम पर, मोदी की भाजपा कार्यकर्ताओं की टीम पर है कि हम इस सपने को साकार करने के लिए आम जनता को अपने साथ लाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश / गंगा/प्रभात

Tags