मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आदेश पर इस्तीफा देने से रुके

07 Sep 2024 22:44:31
Biren Singh called for ensuring the movement of petroleum


इंफाल, 7 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह शनिवार की रात राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात करके इस्तीफा देने वाले थे। इसके लिए उन्होंने राज्यपाल से समय भी मांगा था। लेकिन, इसी बीच पार्टी (बीजेपी) के केंद्रीय नेतृत्व के मना करने पर वे इस्तीफा देने से रुक गए।

सूत्रों के मुताबिक, आज दोपहर मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने भाजपा और सहयोगी दलों के विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अचानक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। इस निर्णय से पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया गया। लेकिन, केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें तत्काल इस्तीफा देने से रोक दिया।

सूत्रों के अनुसार, मणिपुर में वर्तमान हालात की समीक्षा करने के बाद ही केंद्रीय नेतृत्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के इस्तीफे के फैसले पर विचार करेगा। समग्र स्थिति को ध्यान में रखते हुए पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व बीरेन सिंह को इस विषय में निर्देश देगा। बीरेन ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रात को मणिपुर के राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को संपूर्ण वस्तुस्थिति से अवगत कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0