सिंगर अरमान मलिक ने गर्लफ्रेंड आशना श्रॉफ से की शादी

02 Jan 2025 15:41:31
अरमान मलिक


सिंगर अरमान मलिक अपनी गर्लफ्रेंड आशना श्रॉफ के साथ गुरुवार काे शादी के बंधन में बंध गए हैं। अरमान की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। अरमान की शादी की तस्वीरें सामने आते ही उनके फैंसाें ने उन्हें बधाई दी। अरमान मलिक का शादी का शाही लुक उनके फैंस को काफी पसंद आया है। अरमान की पत्नी एक मशहूर यूट्यूबर और ब्लॉगर हैं।

अरमान ने शादी की खास तस्वीरें अपने सोशल मीडिया पर शेयर कीं। अरमान ने पिछले साल 2024 में अपनी गर्लफ्रेंड आशना श्रॉफ को प्रपोज किया था। फिर 23 अगस्त 2024 को दोनों ने एक-दूसरे से सगाई कर ली। अब नए साल की शुरुआत में अरमान और आशना ने एक दूसरे से शादी कर ली है। दोनों की शादी में रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए।

अरमान ने शादी में पीच कलर की शेरवानी पहनी थी। आशना ने भी अरमान की शेरवानी के रंग से मेल खाती हुई साड़ी पहनी थी। दोनों मैचिंग आउटफिट पहने नजर आए। फोटो को देखकर लग रहा है कि अरमान-आशना शादी करने और वरमाला पहनने के लिए काफी ज्यादा एक्साइटेड थे। दोनों की शादी पारंपरिक तरीके से हुई। अरमान बॉलीवुड में कई लोकप्रिय गानों के लिए मशहूर हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0