पूर्व एनडीए नेता राजीव रंजन कुमार करोड़ों की ठगी के आरोप में गिरफ्तार

11 Oct 2025 16:58:01

कोलकाता, 11 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के पूर्व एनडीए नेता राजीव रंजन कुमार को पश्चिम बंगाल में करोड़ों की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। विधाननगर पुलिस ने उन्हें बिहार से पकड़ा, जहां वह पिछले कई सप्ताह से फरार थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजीव रंजन कुमार ने वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में सासाराम सीट से भारतीय सबलोग पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। इसके बाद उन्होंने अपना ठिकाना कोलकाता के सॉल्टलेक इलाके में बना लिया और वहां कथित रूप से एक फर्जी व्यवसाय चलाकर कई लोगों से बड़ी रकम ठगी।

विधाननगर पुलिस आयुक्तालय की खुफिया शाखा ने सितंबर में दर्ज दो अलग-अलग ठगी मामलों की जांच के दौरान उन्हें ट्रैक किया और गिरफ्तार किया। दोनों मामले सॉल्टलेक ईस्ट थाने में दर्ज हैं।

बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पहला मामला 7 सितंबर को दर्ज हुआ था, जिसमें आरोप है कि राजीव रंजन कुमार ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त जज इंद्रजीत चट्टोपाध्याय से करीब ₹4.5 करोड़ की ठगी की। पुलिस का कहना है कि उन्होंने झूठे बहानों से यह रकम हड़प ली।

दूसरा मामला 14 सितंबर को दर्ज किया गया था। इसमें उन पर सॉल्टलेक के सीडी ब्लॉक में एक करोड़ की संपत्ति के दस्तावेजों में जालसाजी कर अवैध बिक्री का आरोप है। शिकायत एजे ब्लॉक के एक निवासी ने दर्ज कराई थी, जिसने आरोप लगाया कि राजीव ने संपत्ति के कागजात में हेराफेरी की और उसे अवैध रूप से बेच दिया।

पुलिस के अनुसार, जांच की भनक लगते ही राजीव रंजन कुमार बिहार भाग गए थे। इसके बाद विधाननगर पुलिस ने विशेष टीम गठित की और छापेमारी कर उन्हें बिहार से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ दो अलग-अलग ठगी के मामले दर्ज हैं। जांच जारी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल था। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं। ---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0