भारत, यूरोपीय संघ के बीच व्यापार समझौते के लिए 14वें दौर की वार्ता संपन्न

12 Oct 2025 22:08:01
भारत, यूरोपीय संघ के लोगो का प्रतीकात्‍मक चित्र


नई दिल्‍ली, 12 अक्‍टूबर (हि.स)। भारत और 27 देशों के यूरोपीय संघ (ईयू) के वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्रुसेल्स में प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर 14वें दौर की वार्ता पूरी कर ली है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को दी जानकारी में बताया कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के अधिकारियों ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर 14वें दौर की बातचीत शुक्रवार को पूरी कर ली है। अधिकारी ने बताया कि पांच दिवसीय ये वार्ता छह अक्टूबर को शुरू हुई थी, जिसका उद्देश्य वस्तुओं और सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मतभेदों को दूर कर वार्ता को जल्द पूरा करना था।

भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच 6 अक्टूबर को ब्रुसेल्स में वार्ता शुरू करने वाले भारतीय वार्ताकारों के साथ इस दौर के अंतिम दिनों में वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल भी शामिल हुए। अग्रवाल ने इस दौरान यूरोपीय आयोग (ईसी) में अपनी समकक्ष व्यापार महानिदेशक (डीजी-ट्रेड) सबाइन वेयंड से भी मुलाकात की।

इसके बाद भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच अगले दौर की बातचीत शुरू होने से पहले केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की इस महीने के अंत में ब्रुसेल्स की यात्रा की योजना बनाई जा रही है। गौरतलब है कि 15वें दौर की वार्ता नवंबर के मध्य में नई दिल्ली में होने की उम्मीद है क्योंकि दोनों पक्ष इस साल के अंत तक इस समझौते को अंतिम रूप देना चाहते हैं। जैसे-जैसे समय सीमा नज़दीक आ रही है, बातचीत हर महीने हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0