पटना, 14 अक्टूबर (हि.स.)। बहुभाषी व कन्नड़ फिल्म अभिनेता सुदीप संजीव उर्फ किच्चा सुदीप मंगलवार काे बिहार पहुंचे। बिहार के गयाजी में उन्हाेंने अपनी मां और पूर्वजों के लिए पिंडदान किया। पिंडदान का कर्मकांड तीर्थ पुरोहित विनोद आचार्य ने संपन्न कराया।
इस दौरान किच्चा सुदीप के अलावे उनके परिवार के कई और सदस्य मौजूद थे, जिसमें भाई-बहन और चाची शामिल थी। करीब 2 घंटे तक रहकर अपने मां और पूर्वजों का पिंडदान का कर्मकांड किया।
बहुभाषी फिल्म अभिनेता सुदीप संजीव सबसे पहले गया एयरपोर्ट पहुंचे और फिर उसके बाद तीर्थ पुरोहित विनोद आचार्य द्वारा पिंडदान का कर्मकांड किया। इसके बाद विष्णुपद मंदिर पहुंचकर पिंड अर्पित किया। भगवान विष्णु के अलौकिक चरण चिन्ह का दर्शन किया। वहीं पावन फल्गु नदी को भी गए। इस तरह साउथ अभिनेता ने विष्णुपद अक्षयवट और फल्गु में पिंडदान का कर्मकांड संपन्न किया।
पत्रकाराें से बात करते हुए गया जी में सुदीप संजीव ने कहा कि यहां पिंडदान का कर्मकांड कर अद्भुत शांति मिली है। पिंडदान का कर्मकांड करने के बाद वह काफी प्रसन्नता महसूस कर रहे हैं। इसके अलावा सुदीप संजीव ने बिहार और गया की प्रशंसा की।
तीर्थ पुरोहित बिनोद आचार्य ने बताया कि साउथ एक्टर किच्चा सुदीप ने गयाजी में पिंडदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी