अफ़गानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता के लिए भारत ने जताई प्रतिबद्धता

16 Oct 2025 19:06:01
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता (MEA spokesperson)


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच 48 घंटे के युद्धविराम पर सहमति बनने के अगले दिन गुरुवार को भारत ने कहा कि दोनों देशों के बीच घटनाक्रम पर वह नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को नसीहत देते हुए भारत की ओर से अफ़गानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए पूरी प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में कहा कि हम स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। भारत अफ़गानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तीन बातें स्पष्ट हैं- पहली, पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों को पनाह देता है और आतंकवादी गतिविधियों को प्रायोजित करता है। दूसरी, अपनी आंतरिक विफलताओं के लिए अपने पड़ोसियों को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है और तीसरी, पाकिस्तान अफ़गानिस्तान द्वारा अपने क्षेत्रों पर संप्रभुता का प्रयोग करने से नाराज़ है।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष 9 अक्टूबर को पाकिस्तानी हवाई हमलों से शुरू हुआ था। इसमें 12 से ज़्यादा नागरिक मारे गए थे। बुधवार से दोनों देशों के बीच 48 घंटे के युद्धविराम पर सहमति बनी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0