बिहार को लालू-तेजस्वी ने किया कलंकित, मोदी दिखाएंगे विकास का रास्ता : केशव प्रसाद मौर्य

22 Oct 2025 20:15:00
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बिहार में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए


-हायाघाट में गरजे केशव प्रसाद, बोले-महागठबंधन का बिहार में कोई भविष्य नहीं -रामलला का भव्य मंदिर बना, अब सीता मईया का भी बनेगा मंदिर - छह नवम्बर को कमल का फूल दबाइए, बिहार को विकास की राह पर बढ़ाइए

दरभंगा,22अक्टूबर(हि.स.)। बिहार में मिथिला की धरती दरभंगा जिले के हायाघाट में बुधवार को आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक विशाल जनसभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं बिहार प्रदेश चुनाव के सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए बिहार चुनाव की पूरी रणनीति जनता के सामने खोल दी।

जनसभा को संबोधित करने से पहले केशव प्रसाद मौर्य ने सीता मईया की धरती को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि छह नवम्बर को कमल का बटन दबाकर एनडीए प्रत्याशी रामचंद्र को भारी मतों से विजयी बनाएं।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पहले भी विकास की राह चुनी थी, अब उस गति को और तेज करने का वक्त है। यह चुनाव सिर्फ बिहार का नहीं है, यह देश के सम्मान का चुनाव है। जिन लोगों ने बिहार की पहचान गुण्डागर्दी, भ्रष्टाचार और परिवारवाद से जोड़ दी थी, उन्हें जनता बार-बार जवाब दे चुकी है।

बिहार को लालू-तेजस्वी ने किया कलंकित, मोदी दिखाएंगे विकास का रास्ता

उप मुख्यमंत्री ने लालू-तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर बिहार की बदनामी किसी ने की है तो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने की है। आज समय है उससे बाहर निकलने का। याद रखिए- नरेन्द्र मोदी और कमल का फूल ही बिहार का विकास कर सकते हैं।

लक्ष्मीजी लालटेन में नहीं बैठेंगी, कमल पर बैठकर आएंगी

सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार के विकास के लिए जनता को सही दिशा में मतदान करना होगा। उन्होंने कहा कि विकास करना है कि नहीं? जब भीड़ ने जोरदार 'हां' में जवाब दिया तो उन्होंने आगे कहा कि तो फिर लक्ष्मीजी चाहिए कि नहीं चाहिए? लक्ष्मीजी लालटेन में नहीं बैठेंगी, वो कमल के फूल पर बैठकर ही आएंगी। तभी हायाघाट का और बिहार का विकास होगा।

रंग में भंग डालने वाले बहुत होंगे, परवाह मत करना

मौर्य ने जनता से अपील की कि मोदी और नीतीश के नेतृत्व को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि बीच में रंग में भंग डालने वाले बहुत लोग आएंगे, लेकिन परवाह मत करना। हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली के बाद अब बिहार में भी एनडीए की सरकार बनाकर महागठबंधन को दिखा दो कि बिहार में उनका कोई भविष्य नहीं है। जनसभा में उपस्थित भीड़ ने बार-बार जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारों से पूरा मैदान गुंजा दिया।

श्री मौर्य ने प्रत्याशी रामचंद्र को विजय माला पहनाते हुए कहा कि ये आपके आशीर्वाद से विजय की माला पहनाई गई है। अब जिम्मेदारी आपकी है- आप ही मोदीजी हैं, आप ही नीतीश कुमार हैं और आप ही यहां के रामचंद्र हैं।

रामलला का भव्य मंदिर बना, अब सीता मईया का भी मंदिर बनेगा

उप मुख्यमंत्री श्रीमौर्य ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण मोदी सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति और जनता के आशीर्वाद से संभव हुआ। अगर मोदीजी की सरकार नहीं बनी होती तो 500 साल बाद भी रामलला का मंदिर नहीं बन पाता। अब सीता मईया का भव्य मंदिर भी बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आप एक कमल का बटन दबाइए, जो भी इमारतें आक्रमणकारियों की निशानी हैं, वो हटेंगी और जहां जो बनना चाहिए, वो बनेगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन को बिहार से सदा के लिए खत्म करने का यह सही समय है।

छठ मईया से भी मांगिए आशीर्वाद, बिहार में खिले कमल का फूल

सभा के अंत में श्री मौर्य ने लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अभी छठ मईया की पूजा है, पूरे देश की नजर बिहार पर है। छठ मईया से यही प्रार्थना कीजिए कि बिहार में कमल का फूल खिले और एनडीए की सरकार बने। भारत को विश्व का सबसे शक्तिशाली देश बनाने के लिए बिहार की जनता ताकत देगी। उन्होंने जय श्रीराम और भारत माता की जयघोष के साथ अपना उद्बोधन समाप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Powered By Sangraha 9.0