

- केंद्रीय कृषि मंत्री ने सांसद खेल महोत्सव की जानकारी दी, 30 अक्टूबर से शुरू होगी प्रतियोगिताएं
विदिशा, 26 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शरीर को स्वस्थ बनाने में खेलों का अपना एक अलग महत्व है। खेल शरीर को स्वस्थ भी बनाते हैं और आनंद और उल्लास से भी भरते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा अनुरूप सांसद खेल महोत्सव का आयोजन संसदीय क्षेत्र में किया जा रहा है। यह खेल महोत्सव 30 अक्टूबर से शुरू होगा।
केन्द्रीय कृषि मंत्री रविवार को मध्य प्रदेश के विदिशा में पत्रकार वार्ता में सांसद खेल महोत्सव की जानकारी दे रहे थे। उन्होंने बताया कि विदिशा के खेल स्टेडियम परिसर में खेल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख भाई मांडविया, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और क्रिकेट खिलाड़ी व देश के गौरव कपिल देव विदिशा आएंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि सांसद खेल प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत स्तर पर भी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें रस्सा कसी, कुर्सी दौड़ और चम्मच दौड़ इत्यादि खेल प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। साथ ही संसदीय क्षेत्र स्तर पर क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस बॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। संसदीय क्षेत्र की आठ विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। संपूर्ण संसदीय क्षेत्र में खेलों के प्रति जागरूकता और रुझान बढ़े, इसके लिए टॉर्च रैली भी निकाली जाएगी। चार खेल लोकल स्तर पर आयोजित होंगे, जिनमें विदिशा में फुटबॉल, खातेगांव में कुश्ती, इछावर में खो-खो और मंडी दीप में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय स्तर पर किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में विधायक सूर्यप्रकाश मीणा, हरिसिंह सप्रे, मुकेश टण्डन व हरिसिंह रघुवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तोरण सिंह दांगी, महाराज सिंह दांगी, राकेश जादौन, बाबूलाल ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
- 37038 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन -
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि खेलों के प्रति युवाओं की भी बढ़-चढ़कर सहभागिता देखी जा रही है। अब तक विदिशा संसदीय क्षेत्र में 37038 से अधिक खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है, जो युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता व रुचि का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र की विधानसभा भोजपुर में 3327, सांची में 3422, सिलवानी में 4407, बासौदा में 2061, बुधनी में 6718, इछावर में 5599, खातेगांव में 5674 और विदिशा में 5652 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया है।
केन्द्रीय मंत्री ने अमरूद का पौधा लगाया
इससे पहले केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को विदिशा आगमन पर एक निजी होटल में अमरूद का पौधा लगाकर पौधे लगाने व पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया।-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर