छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री साय ने विमानतल पर किया आत्मीय स्वागत

03 Oct 2025 21:17:31
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मुख्यमंत्री साय गुलदस्ता भेंट कर स्वागत करते हुए


रायपुर 3 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार काे छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माना स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

विमानतल पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री राम विचार नेताम ,पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे, सांसद रूपकुमारी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, आईजी अमरेश मिश्रा, संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री शाह 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ जगदलपुर प्रवास पर रहेंगें। फिर दंतेवाड़ा में सुबह साढ़े ग्यारह बजे माता दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुरिया दरबार में शामिल होंगे। यह बस्तरिया आदिवासी परंपरा और संस्कृति से जुड़ा अहम आयोजन है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Powered By Sangraha 9.0