नेपाल में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण 10 राजमार्गों पर आवाजाही ठप

31 Oct 2025 10:45:00
राजमार्ग अवरुद्ध


काठमांडू, 31 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण देशभर में दस प्रमुख राजमार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गए हैं।

ईलाम में मेची राजमार्ग पर रात के समय वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। यह जानकारी ईलाम पुलिस प्रमुख एसपी एक नारायण कोईराला ने दी।

इसी प्रकार, संखुवासभा के भोटखोला क्षेत्र में कोशी राजमार्ग पूरी तरह से बंद है। पाँचथर में तामोर कॉरिडोर सड़क भी लगातार वर्षा के कारण पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है।

गृह मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक ओखलढुंगा जिले में सिद्धिचरण राजमार्ग बंद पड़ा है। बागमती प्रदेश में काभ्रे स्थित बीपी राजमार्ग, रसुवा में पासाङ ल्हामु राजमार्ग और नेपाल-चीन को जोड़ने वाली सड़क तथा सिन्धुली में मध्य-पहाड़ी राजमार्ग भूस्खलन और बाढ़ के कारण अवरुद्ध हो गए हैं।

गण्डकी प्रदेश में मुस्तांग का जोमसोम–कोरला सड़क मार्ग और म्याग्दी का बेनी–दारबाङ सड़क भी पूरी तरह बंद हैं।

इस बीच, अर्घाखाँची के सन्धिखर्क नगरपालिका-6 में भूस्खलन से अवरुद्ध सन्धिखर्क–गोरुसिङ्गे सड़क को अब एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0