मांडविया ने फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 43वें संस्करण का नेतृत्व किया

05 Oct 2025 17:16:31
पंचांग


- मांडविया ने छात्रों को जीवन में संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया

नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में विश्व शिक्षक दिवस पर फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 43वें संस्करण का नेतृत्व किया। यह कार्यक्रम देश भर में 10,000 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया।

दिल्ली भर से शिक्षकों, एथलीट्स, फिटनेस इन्फ्लुएंसर और युवाओं सहित 1,000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया। भारतीय हॉकी खिलाड़ी अभिषेक नैन, शतरंज की दिग्गज खिलाड़ी तानिया सचदेव, उभरते हुए भाला फेंक स्टार सचिन यादव और भारत के पुशअप मैन कहे जाने वाले रोहताश चौधरी भी शामिल थे।

डॉ. मांडविया ने इस पहल को एक सच्चा राष्ट्रव्यापी आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लाखों नागरिक हर रविवार को खुद को फिट रखने के लिए साइकिल चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हर नागरिक शारीरिक गतिविधि के लिए एक घंटा भी समर्पित करे, तो भारत 'विकसित भारत' के सपने की ओर और भी मजबूत, स्वस्थ और एकजुट होकर आगे बढ़ेगा। आज इस कार्यक्रम में कई शिक्षकों ने भाग लिया और छात्रों को जीवन में संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।

खेल मंत्री ने कहा कि साइकिल के पैडल हमें जीवन का सबसे बड़ा सबक सिखाते हैं कि हम तभी आगे बढ़ते हैं जब हम संतुलन बनाए रखते हैं। यह संतुलन जीवन का आधार है और यह फिटनेस से आता है।

संडे ऑन साइकिल एंथम लांच

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा भारतीय साइकिलिंग महासंघ, योगासन भारत और माय भारत के सहयोग से आयोजित साइकिलिंग अभियान ने अब भारत के सबसे प्रभावशाली फिटनेस अभियानों में से एक के रूप में अपनी पहचान बना ली है। इस कार्यक्रम में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के आधिकारिक एंथम का भी शुभारंभ हुआ।

एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का है प्रयास- रोहिताश

पुशअप मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध रोहताश चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री मांडविया को बताया कि वह पीठ पर 60 पाउंड का बैग लेकर एक घंटे में सबसे अधिक पुश-अप करने का एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो 2 नवंबर को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

फिटनेस हमारा आधार - अभिषेक नैन

भारतीय हॉकी टीम के साथ पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले और राजगीर में एशिया कप जीतने वाले अभिषेक नैन ने नई दिल्ली में इस पहल के बारे में भावुक होकर कहा कि एथलीटों के रूप में, फिटनेस हमारा आधार है। मैं यहां सिर्फ लोगों को साइकिल चलाते हुए नहीं देख रहा हूं, बल्कि भारत में स्वास्थ्य की संस्कृति को अपनाते हुए भी देख रहा हूं। यह भी बहुत प्रेरणादायक है कि पिछले कुछ महीनों में इस अभियान का विस्तार हुआ है।

प्रधानमंत्री के प्रयासों की सराहना

संडे ऑन साइकिल में दूसरी बार हिस्सा लेने वाली ग्रैंडमास्टर तानिया सचदेव ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करती हूं।वे खेलों के इतने बड़े समर्थक हैं। उन्होंने फिटनेस को एक जन आंदोलन में बदल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0