कोलकात, 01 नवंबर (हि.स.)। श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट, कोलकाता (एसएमपीके) को भारत की समुद्री विरासत और विकास में उसके ऐतिहासिक योगदान के लिए ‘मैरिटाइम एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित ‘इंडिया मैरिटाइम वीक 2025’ के दौरान हेरिटेज श्रेणी में प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और शांतनु ठाकुर ने एसएमपीके के चेयरमैन रथेंद्र रमन को एक भव्य समारोह में प्रदान किया। इस अवसर पर बंदरगाह के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उपस्थित रहकर इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बने और संस्थान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया।
यह सम्मान एसएमपीके की 155 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा और गौरवशाली यात्रा को नई पहचान देता है जिसने पूर्वी भारत के ऐतिहासिक समुद्री द्वार से एक आधुनिक, प्रगतिशील और आर्थिक रूप से सशक्त केंद्र तक का सफर तय किया है।
समय के साथ, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट ने न केवल भारत की समुद्री क्षमताओं को मजबूत किया है, बल्कि देश के औद्योगिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का सजीव प्रतीक बनकर उभरा है। यह उपलब्धि एसएमपीके के सामूहिक समर्पण, निरंतर नवाचार और उत्कृष्टता की भावना को दर्शाती है, जो देश के समुद्री इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय