खड़गे को संघ का करारा जवाब, बोले होसबाले-प्रतिबंध की धमकी से नहीं डरते

01 Nov 2025 19:41:00
सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए


जबलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संघ पर प्रतिबंध लगाने की बात कहे जाने के बाद कड़ा जवाब दिया है। होसबाले ने कहा कि कांग्रेस पहले भी संघ पर तीन बार प्रतिबंध लगाने का प्रयास कर चुकी है, अब चाहे तो चौथी बार भी कोशिश कर ले। उन्होंने कहा कि किसी संगठन पर प्रतिबंध लगाने के लिए कारण होना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लगातार राष्ट्र निर्माण में जुटा है और जनता ने उसे स्वीकार किया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सभी पार्टियों का है।

सरकार्यवाह होसबाले शनिवार को जबलपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के बाबत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जो संगठन भारत के समाज और राष्ट्रनिर्माण में जुटा है, उस पर प्रतिबंध लगाने की बात कहने वाले नेताओं को पहले के अनुभव से सीख लेनी चाहिए। कांग्रेस ने पहले भी तीन बार संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की थी। अब वे चाहें तो फिर प्रयास करके देख लें, लेकिन पहले यह भी बताएं कि आखिर संघ पर बैन लगाने की जरूरत क्यों है?

होसबाले ने कहा कि संघ को समाज ने स्वीकार किया है और पहले लगाए गए प्रतिबंधों को भी अदालत ने गलत ठहराया था। जब पहले प्रतिबंध लगाया गया था, तब न्यायालय ने क्या कहा था और कांग्रेस को उससे क्या मिला? इतने सबके बावजूद संघ लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से सवाल किया कि जब संघ देश की सुरक्षा, संस्कृति और विकास के लिए काम कर रहा है, तो ऐसे संगठन पर बैन लगाने की बात कहना किस आधार पर उचित है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सभी पार्टियों का है, लेकिन यहां यह सच है कि हमारे संघ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ज्यादा हैं। सरकार किसी भी पार्टी की हो, लेकिन हम अपने विचार सभी के समक्ष रखते हैं। आज सरकार में संघ के स्वयं सेवक बैठे हैं, इसलिए हमारे और भाजपा के बीच समन्वय बना हुआ है। आरएसएस का दरवाजा सभी के लिए खुला है, यह भी सच है कि भाजपा में घर के ही लोग हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संघ पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वास्तव में सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों का सम्मान करते हैं, तो उन्हें आरएसएस पर प्रतिबंध लगाना चाहिए जैसे कभी तत्कालीन गृहमंत्री पटेल ने लगाया था। खरगे ने कहा था कि ये मेरे निजी विचार हैं और मैं खुले तौर पर कहता हूं कि अगर प्रधानमंत्री पटेल के विचारों का सम्मान करते हैं, तो यह कदम उठाया जाना चाहिए। देश की सभी समस्याओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए भाजपा और आरएसएस जिम्मेदार हैं।

राजनीतिक दृष्टि से जातिगत जनगणना गलत : सरकार्यवाह

सरकार्यवाह होसबाले ने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से जातिगत जनगणना नहीं होनी चाहिए, क्योंकि देश में कुछ जातियां पीछे रह गई हैं और सिर्फ पिछड़ों के भले के लिए ही आंकड़े का इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर राजनीति के लिए ये इस्तेमाल होगा, तो इससे विभेद बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि लिव इन रिलेशनशिप संस्कृति के लिए ठीक नहीं है, लेकिन यह भी सच है कि हर गलती कानून से नहीं रुकेगी, इसके लिए समाज को संस्कार देकर पहले विकृति को रोकना होगा।

उन्होंने एसआईआर को लेकर कहा कि मतदाता सूची जरूरी है और इस प्रक्रिया पर जिन्हें शक है उन्हें चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए। संघ की जबलपुर बैठक में देशभर से वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए हैं, जहां संगठन के आगामी कार्यक्रमों और सामाजिक अभियानों को लेकर चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ते धर्मांतरण पर भी संघ ने इस कार्यकारी बैठक पर चर्चा की है। धर्मांतरण रोकना और घर वापसी कराना भी अब जरूरी हो गया है। देशभर में धर्म जागरण को लेकर संघ कार्य भी कर रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में विशेष प्रयास किया जा रहे हैं कि धर्मांतरण रोकने के साथ-साथ धर्म जागृति भी कैसे फैलाई जाए। उन्होंने कहा कि धर्म गुरुओं से यह कार्य होंगे और घर वापसी के साथ धर्म जागरण का कार्य भी संघ लगातार कर रहा है। पंजाब में धर्मांतरण एक बड़ी समस्या है और वहां पर साजिश के तहत ही धर्मांतरण किया जा रहा है। हिंदू धर्म में संघ लगातार घर वापसी के भी प्रयास कर रहा है।________________

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0