पोकरोव्स्क में अब भी डटे यूक्रेनी सैनिक, रूस ने घेराबंदी का दावा किया

01 Nov 2025 21:55:01

कीव/मॉस्को, 01 नवंबर (हि.स.)। यूक्रेन के शीर्ष सैन्य कमांडर ओलेक्जेंडर सर्स्की ने शनिवार को कहा कि उनकी सेना पूर्वी शहर पोकरोव्स्क में अब भी मजबूती से डटी हुई है, जबकि रूस का दावा है कि उसने एक साल से अधिक चले संघर्ष के बाद शहर को “पिन्सर मूवमेंट” (दोनों दिशाओं से घेरने की रणनीति) में जकड़ लिया है।

रूस डोनेट्स्क प्रांत पर पूर्ण नियंत्रण पाने के अपने अभियान के तहत मध्य-2024 से पोकरोव्स्क पर कब्जे की कोशिश कर रहा है, जिसे “डोनेट्स्क का प्रवेश द्वार” कहा जाता है। युद्ध से पहले करीब 70,000 आबादी वाला यह शहर अब लगभग पूरी तरह तबाह और खाली हो चुका है।

रूस की बड़ी जीत बन सकता है पोकरोव्स्क

यदि रूस इस शहर पर कब्जा कर लेता है, तो यह अवदीवका के पतन के बाद उसकी सबसे बड़ी सैन्य उपलब्धि होगी। अवदीवका को रूस ने 2024 की शुरुआत में बेहद खूनी लड़ाई के बाद अपने नियंत्रण में लिया था। उसके बाद से रूस ने 1,000 किलोमीटर लंबी मोर्चा रेखा पर धीरे-धीरे बढ़त बनाई है। दोनों पक्षों के हजारों सैनिकों की मौत हो चुकी है। जहां कीव का कहना है कि स्थिति “काफी हद तक ठहरी हुई” है और क्षेत्रीय नुकसान मामूली हैं, वहीं मॉस्को का दावा है कि वह अब भी “रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बढ़त” हासिल कर रहा है।

हम पोकरोव्स्क को संभाले हुए हैं : यूक्रेनी कमांडर

यूक्रेन के सेना प्रमुख सर्स्की ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “हम पोकरोव्स्क को संभाले हुए हैं। दुश्मन बलों को शहर से बाहर निकालने का व्यापक अभियान जारी है।”

रूसी अधिकारियों का कहना है कि यदि वे पोकरोव्स्क और इसके उत्तर-पूर्व में स्थित कोस्त्यान्तिनिव्का पर नियंत्रण पा लेते हैं, तो वे आगे क्रामातोर्स्क और स्लोवियांस्क की ओर बढ़ सकेंगे — जो डोनेट्स्क क्षेत्र के यूक्रेन-नियंत्रित सबसे बड़े शहर हैं।

जमीन पर हालात अब भी अस्पष्ट

यूक्रेनी ओपन-सोर्स मानचित्र डीपस्टेट के अनुसार, रूसी सैनिक फिलहाल शहर के दक्षिणी हिस्से के एक छोटे भाग पर नियंत्रण में हैं, जबकि बाकी क्षेत्र को “ग्रे ज़ोन” बताया गया है - यानी किसी भी पक्ष का पूरा नियंत्रण नहीं है।

रूसी रक्षा मंत्रालय के मीडिया चैनल ज्वेज्दा ने दावा किया कि यूक्रेनी सैनिक आत्मसमर्पण कर रहे हैं और दो बंदी सैनिकों का वीडियो जारी किया, लेकिन रॉयटर्स इस वीडियो की पुष्टि नहीं कर सका।

इस बीच, कीव ने बताया कि उसने एक हेलीकॉप्टर से विशेष बलों की टीम को पोकरोव्स्क में भेजा है ताकि रूसी बढ़त को रोका जा सके। रूस का कहना है कि उसने उस मिशन में शामिल 11 यूक्रेनी सैनिकों को मार गिराया, जबकि यूक्रेनी अधिकारियों ने इस दावे को खारिज किया और कहा कि अभियान अब भी जारी है।

यूक्रेनी सेना के अनुसार, पोकरोव्स्क की स्थिति “कठिन और बदलती हुई” है, लेकिन उन्होंने शहर के कुछ हिस्सों में “रणनीतिक रूप से बेहतर स्थिति” हासिल की है।

डोनबास पर कब्जे की कोशिश जारी

रूस डोनबास क्षेत्र (लुहान्स्क और डोनेट्स्क प्रांतों) पर पूर्ण नियंत्रण चाहता है। यूक्रेन वर्तमान में डोनबास के पश्चिमी हिस्से का लगभग 10 प्रतिशत क्षेत्र — करीब 5,000 वर्ग किलोमीटर — अपने नियंत्रण में रखे हुए है।

पोकरोव्स्क की लड़ाई यह तय कर सकती है कि पूर्वी यूक्रेन में संघर्ष की दिशा किस ओर मुड़ेगी, कीव के बचाव की ओर या मॉस्को के बढ़ते कब्जे की तरफ।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0