(लीड) दिल्ली में लाल किले के पास कार ब्लास्ट पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत तमाम नेताओं ने जताई संवेदनाएं, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना

10 Nov 2025 23:33:00
दिल्ली में लाल किले के पास कार ब्लास्ट


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के लाल किले के पास हुई कार ब्लास्ट की घटना में मारे गए लोगों के प्रति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मनोहर लाल सहित कई अन्य नेताओं ने भी शोक जताया। यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शोकाकुलपरिवारों को शक्ति देने और प्रभावितों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पोस्ट में कहा कि वह मृतकों के परिवारों और मित्रों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पर लिखा कि दिल्ली में हुए ब्लास्ट में जिन लोगों ने अपनी जान खोई है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों को अधिकारियों द्वारा हर संभव मदद दी जा रही है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा भी की।

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि दिल्ली में हुए ब्लास्ट में हुई जनहानि शब्दों से परे पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने घटना स्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रमुख एजेंसियां इस मामले की गहन और पूरी तरह से जांच कर रही हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक्स पर लिखा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। नड्डा ने कहा कि प्रशासन सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता सुनिश्चित कर रहा है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हादसे को गहरा दुखद बताया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को शक्ति देने के साथ घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने प्रभावितों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सभी प्रभावितों को शक्ति देने की बात कही।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण विस्फोट में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को दुःख सहन करने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मृतकों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना को अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक बताया। उन्होंने प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। रेखा गुप्ता ने बताया कि पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मिलकर जांच में जुटी हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने घटना को गंभीर बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने सरकार से घटना की त्वरित और पारदर्शी जांच का आग्रह किया।

जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने इसे ह्रदयविदारक बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घटना की गंभीरता पर ध्यान दिलाया। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने घायलों के अच्छे इलाज और राजधानी में सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि लाल किले के पास हुए इस विस्फोट की सूचना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने केंद्र सरकार से घटना की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने धमाके को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार को तुरंत जांच करनी चाहिए कि विस्फोट कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। उन्होंने राजधानी की सुरक्षा को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0