तेजस्वी यादव पर भाजपा का पलटवार, उनके दावों को बताया हताशा की पराकाष्ठा

10 Nov 2025 20:00:01
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान कल होने हैं। इससे पहले राजनीतिक दलों में आरोप प्रत्यारोप का दौर तेज है। सोमवार को सुबह जहां आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने अपनी जीत का दावा ठोका, वहीं भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए एनडीए की ऐतिहासिक जीत का दावा किया। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार में चुनाव प्रचार समाप्त हो गया है। कल दूसरे चरण की वोटिंग है। भाजपा एक निर्णायक, प्रभावी और ऐतिहासिक विजय की ओर एनडीए के साथ बढ़ रही है। दूसरी ओर, विपक्ष इतना हताश हो जाएगा, इतनी उम्मीद नहीं थी। तेजस्वी यादव अब प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपनी सारी योजनाएं गिनवा रहे हैं। इसे हताशा की पराकाष्ठा कहते हैं। यानी, चुनाव में हार देख आप पहले से ही बहाने ढूंढ रहे हैं।

भाजपा मु्ख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि तेजस्वी ने आज एक बात कही है कि सारी इंडस्ट्रीज भाजपा राज्यों में ही क्यों लगती हैं। इससे साफ हो गया है कि राहुल गांधी के संपर्क में आकर तेजस्वी यादव का भी वही हाल हो गया है। तेजस्वी यादव भी थोड़ा होमवर्क कर लें। बिहार में अभी तक इथेनॉल के 17 प्रोजेक्ट शुरू हो गए हैं। बिहार में टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज का एक बहुत बड़ा क्षेत्र डेवलप हुआ है। बेतिया, मधुबनी, पटना, बेगूसराय जिले में टेक्सटाइल के प्रमुख रूप से निवेश किए गए हैं। बिहार बिस्किट इंडस्ट्रीज का फूड प्रोसेसिंग में बहुत बड़ा केंद्र बन गया है, क्योंकि अब बिहार का वातावरण आतंक, अपराध और खौफ से फ्री हो गया है, इसलिए इनवेस्टमेंट हुआ, लोग आए, इनवेस्टर्स आए और आगे और आएंगे। अगर हम लोग 20 साल के बाद भी जीत रहे हैं तो इसका सबसे बड़ा कारण है- ट्रस्ट फैक्टर। ये चुनाव जंगलराज बनाम सुशासन रहा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी जी अपने पिताजी की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं- भ्रष्टाचार में, कुशासन में और खौफ में।

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी राजनीतिक पर्यटक हैं, लोग समझ चुके हैं।

उन्होंने एसआईआर का मुद्दा उठाया, कोई मुद्दा नहीं बन पाया। यानी, पिटे हुए, डूबे हुए मुद्दों को बार-बार उठाने की अगर सलाहियत सीखना है तो राहुल गांधी से सीखिए। ये चुनाव जंगलराज बनाम सुशासन रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0