बिहार चुनाव में चिराग पासवान ने निभाई 'हनुमान' वाली भूमिका

14 Nov 2025 21:10:01
बिहार विधानसभा चुनाव—चिराग पासवान


पटना, 14 नवम्बर(हि.स.)। बिहार चुनाव नतीजों से जहां राजग का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है, तो वहीं महागठबंधन को अर्श से फर्श पर ला​ दिया है। बिहार के अप्रत्याशित नतीजों में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान की भूमिका काफी प्रशंनीय मानी जा रही है। चिराग की पार्टी लोजपा इस चुनाव में बेहतरीन कमबैक करती दिख रही है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा लोजपा ने 29 सीटों पर चुनाव लड़ा था और बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ 19 सीटों पर एनडीए को बढ़त दिलाई है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा और जदयूू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रहे थे। इस चुनाव में लोजपा 29 सीटों पर लड़ रही थी। एनडीए के बड़े दलों ने इस चुनाव में मजबूत और शुरुआत की और बाद में चिराग की पार्टी ने बेहतरीन फिनिशर की भूमिका ​निभाते हुए एनडीए को जबरदस्त बढ़त दिलाई। 29 में से 19 सीटों पर बढ़त, यानी लगभग शानदार स्ट्राइक रेट के साथ चिराग की पार्टी ने 5 फीसदी से ज्यादा वोट शेयर हासिल कर बेहतरीन परफॉर्मेंस दी है।

साल 2024 लोकसभा चुनाव में​ चिराग की पार्टी ने 5 की 5 सीटों पर जीत दर्ज की थी। चिराग के इस शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें 'हनुमान' कहा था। बिहार के विधानसभा चुनाव 2025 में चिराग फिर से मोदी के लिए हनुमान साबित हुए हैं। लोजपा (रामविलास) की इस बढ़त के पीछे बड़ा कारण एनडीए की पार्टियों बीजेपी, जेडीयू और छोटे सहयोगियों का वोट ट्रांसफर माना जा रहा है। उतना ही खास यह भी है कि चिराग की पार्टी ने भी एनडीए को बराबर सहयोग दिया और वोट ट्रांसफर बखूबी काम किया। चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का अब तक का सबसे धमाकेदार प्रदर्शन है। 2020 विधानसभा चुनाव में अकेले लड़ते हुए पार्टी ने 137 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन सिर्फ एक सीट जीती थी। उस चुनाव में चिराग के तेज एंटी-नीतीश कैंपेन ने जेडीयू के वोट काटे थे, जिससे नीतीश कुमार की सीटें 71 से गिरकर 43 पर आ गई थीं, जिसे लोजपा (रामविलास) के वोट-कटवा असर का परिणाम माना गया।

इस बार 2025 में राजग के भीतर रहते हुए लोजपा (रामविलास) ने न सिर्फ अपने लिए अच्छा परिणाम दिया, बल्कि सुचारू वोट ट्रांसफर के चलते जेडीयू को भी मजबूत किया और पूरे राजग को बढ़त दिलाई। इसी के चलते बिहार में भाजपा नंबर वन तो जदयूू नंबर दो की पार्टी बन गई। इस तरह से चिराग पासवान ने सचमुच 'हनुमान' वाली भूमिका निभाई, जैसा वो कहते हैं।हिन्दुस्थान समाचार/डॉ आशीष वशिष्ठ

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Powered By Sangraha 9.0