तरनतारन उपचुनाव में फिर से आआपा की जीत, अकाली दल की सुखविंदर कौर को हराया

14 Nov 2025 15:20:01
हरमीत सिंह


- कांग्रेस चौथे तो भाजपा पांचवें नंबर पर आई, अमृतपाल की पार्टी ने अकाली दल को पहुंचाया नुकसान

चंडीगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में एक बार फिर से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधू ने यहां शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर को 12091 वोटों से हराया है। इस सीट पर कांग्रेस चौथे तथा भाजपा पांचवें नंबर पर चली गई है।

तरनतारन सीट पहले भी आम आदमी पार्टी के पास थी। आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद यहां उपचुनाव हुए हैं। तरनतारन में 11 नवंबर को 60.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधू को यहां कुल 42 हजार 649 वोट मिले। दूसरे नंबर पर नही शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर को 30 हजार 558 वोट मिले हैं। चौथी बार इस हलके से विधायक बने हरमीत सिंह संधू ने अकाली दल प्रत्याशी को 12091 वोटों से हराया। इस सीट पर तीसरे नंबर पर कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल वारिस पंजाब के प्रत्याशी मनदीप सिंह खालसा रहे हैं, जिन्हें 19620 वोट मिले हैं। कांग्रेस प्रत्याशी करनबीर सिंह 15078 वोट लेकर चौथे स्थान पर तो 6239 वोट लेकर भाजपा के हरजीत सिंह संधू पांचवें स्थान पर रहे हैं।

तरनतारन सीट पर जीत के बाद आआपा के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस उपचुनाव में पंजाब की जनता ने अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा को नकार दिया है। कांग्रेस नेताओं ने जिस तरह से दलितों का अपमान किया, उससे लोगों ने उन्हें यहां सबक सिखाया।

आप सुप्रीमो एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि तरन-तारन उपचुनाव में मिली इस ऐतिहासिक जीत ने साफ़ कर दिया है कि पंजाब की जनता को काम की राजनीति और भगवंत मान का ईमानदार नेतृत्व ही पसंद है। पंजाब ने एक बार फिर आप पर अपना भरोसा जताया है। ये जीत जनता की जीत है, मेहनत करने वाले हर कार्यकर्ता की जीत है। पंजाब की जनता और सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Powered By Sangraha 9.0