हॉकी इंडिया ने रघु प्रसाद आरवी को एफआईएच ‘अंपायर ऑफ द ईयर 2025’ चुने जाने पर दी बधाई

18 Nov 2025 21:13:01
रघु प्रसाद आरवी को एफआईएच ‘अंपायर ऑफ द ईयर 2025


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को अनुभवी भारतीय अंपायर रघु प्रसाद आरवी को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) द्वारा ‘अंपायर ऑफ द ईयर 2025’ चुने जाने पर बधाई दी। यह सम्मान एफआईएच अंपायरिंग कमेटी की सिफारिशों के आधार पर घोषित किया गया।

रघु प्रसाद ने अब तक 198 अंतरराष्ट्रीय मैचों में जिम्मेदारी निभाई है। वह 2015 के बाद यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय अंपायर बने हैं, साथ ही एशिया महाद्वीप के पहले अंपायर भी हैं जिन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है।

बेंगलुरु से शुरू हुआ सफर, बने भारत के सबसे अनुभवी अंपायरों में से एक रघु ने 2001 में स्कूल, कॉलेज और स्थानीय लीग मुकाबलों से अपनी अंपायरिंग यात्रा शुरू की थी। 2003 में ऑस्ट्रेलिया में हुए फोर नेशंस टूर्नामेंट में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया।

इसके बाद उन्होंने कई बड़े आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनमें कॉमनवेल्थ गेम्स 2014, एशियाई खेल 2018 और 2022, सीनियर हॉकी विश्व कप 2010, 2014, 2018 और 2023 एवं ओलंपिक खेल 2012, 2020 और 2024 शामिल हैं।

उच्च स्तर के मुकाबलों में उनका शांत स्वभाव और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन उन्हें विश्व हॉकी में एक सम्मानजनक स्थान दिलाता है।

पुरस्कार पर रघु प्रसाद ने जताई खुशी

रघु प्रसाद ने इस सम्मान को अपने करियर के सबसे यादगार पलों में से एक बताया। उन्होंने कहा, “एफआईएच अंपायर ऑफ द ईयर 2025 का सम्मान मिलना मेरे लिए बेहद गर्व की बात है। इस सफर में किए गए प्रयासों, समय और चुनौतियों को याद करता हूं तो यह उपलब्धि बहुत खास लगती है।”

उन्होंने एफआईएच अध्यक्ष डेट्टो तैयब इकराम, एफआईएच अंपायरिंग कमेटी, एशियन हॉकी फेडरेशन और भारत में अपने सहयोगी संगठनों - केएसएचए और हॉकी कर्नाटक - का भी आभार व्यक्त किया। रघु ने कहा कि हॉकी इंडिया ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए लगातार मंच और अवसर दिए, जिसके लिए वह आभारी हैं।

हॉकी इंडिया ने की सराहना

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ दिलीप तिर्की ने कहा, “यह भारतीय हॉकी के लिए गर्व का क्षण है। रघु ने वर्षों तक अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल की गहरी समझ के साथ उत्कृष्ट काम किया है। उनका यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।”

हॉकी इंडिया के सचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि रघु की यह उपलब्धि भारत की अंतरराष्ट्रीय अंपायरिंग में बढ़ती प्रतिष्ठा का संकेत है। उन्होंने कहा, “देश की घरेलू प्रणाली से ऊपर उठकर रघु ने वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता साबित की है। उनका यह सम्मान युवा भारतीय अंपायरों को बड़ा सपना देखने के लिए प्रोत्साहित करेगा।”

यह सम्मान भारतीय हॉकी के तकनीकी ढांचे को और मजबूत करता है और देश के उभरते अंपायरों के लिए नई प्रेरणा का मार्ग खोलता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0