
वाशिंगटन, 18 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी प्रतिनिधि एमी बेरा और जो विल्सन ने हाल ही में अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी को मान्यता देते हुए एक द्विदलीय प्रस्ताव पेश किया है। अमी बेरा डेमोक्रेटिक कांग्रेसी और जो विल्सन रिपब्लिकन कांग्रेसी हैं। बेरा कैलिफोर्निया से अमेरिकी प्रतिनिधि हैं और कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले भारतीय अमेरिकी सदस्यों में से एक हैं। जो विल्सन दक्षिण कैरोलिना से अमेरिकी प्रतिनिधि हैं और 2001 से इस पद पर हैं। वह रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य हैं।
अमेरिकी प्रतिनिधि एमी बेरा ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि हम दोनों ने संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच ऐतिहासिक साझेदारी के रणनीतिक मूल्य को मान्यता देते हुए एक द्विदलीय प्रस्ताव पेश किया है। यह प्रस्ताव दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार, आतंकवाद-निरोध और शिक्षा सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दशकों से बढ़ते सहयोग को रेखांकित करता है। यह क्षेत्रीय स्थिरता, आर्थिक विकास और एक स्वतंत्र एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर करता है।
प्रस्ताव में कहा गया है, तीन दशकों से भी अधिक समय से क्लिंटन, बुश, ओबामा, ट्रंप और बाइडेन के प्रशासन के तहत संयुक्त राज्य अमेरिका की नीति भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की रही है। प्रशासन ने क्षेत्रीय स्थिरता, लोकतांत्रिक शासन, आर्थिक विकास और साझा क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के लिए इसके महत्व को पहचाना है।
यह विधेयक 21वीं सदी की चुनौतियों जैसे आतंकवाद-निरोध और साइबर खतरों से लेकर उभरती प्रौद्योगिकियों तकका सामना करने के लिए अमेरिका और भारत के बीच निरंतर सहयोग का आह्वान करता है। यह दोनों देशों के बीच स्थायी संबंधों को भी मान्यता देता है। इन संबंधों को भारतीय अमेरिकी प्रवासी निरंतर मजबूत कर रहे हैं। प्रस्ताव को 24 मूल सह प्रायोजकों के साथ मजबूत द्विदलीय समर्थन प्राप्त हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद