आसियान देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने किया मप्र जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण

युगवार्ता    20-Nov-2025
Total Views |
आसियान देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने किया मप्र जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण


भोपाल, 20 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आए दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को भोपाल स्थित मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण किया। उन्होंने संग्रहालय की सभी दीर्घाओं में प्रदर्शित शिल्पों, चित्र प्रदर्शनी, चिन्हारी शॉप और पुस्तकालय ‘लिखन्दरा’ का अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय की दीर्घाओं में स्थापित हर एक प्रादर्श एवं उससे जुड़ी कथाओं की जानकारी प्राप्त की।

आसियान देशों के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का यह भ्रमण मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग एवं मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के संयुक्त तत्वधान में हुआ। इसी दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस संग्रहालय में जनजातीय संस्कृति को बहुत ही सुचारू रूप से प्रदर्शित किया गया है। इसके लिए उन्होंने भारत एवं प्रदेश के विभाग को बहुत बधाई एवं संग्रहालय बनाने वाले कलाकारों के सहयोग के लिए भी उन्हें बधाई। अवलोकन के दौरान संग्रहालय अध्यक्ष अशोक मिश्र एवं अन्य उपस्थित रहे। भ्रमण के बाद प्रतिनिधि मंडल को संग्रहालय की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

आसियान देशों के इस प्रतिनिधिमंडल में भारत में वियतनाम के राजदूत गुयेन थान्ह हाई, भारत में फिलीपींस के राजदूत जोसेफ एफ. इग्नासियों, भारत और श्रीलंका में कंबोडिया की राजदूत रथ मनी, भारत में तिमोर लेस्ते के राजदूत कार्लितो नुनेस, भारत में थाईलैंड की राजदूत छवनार्ट थांगसुमफंट, भारत और भूटान में इंडोनेशिया की राजदूत इना एच कृष्णमूर्ति और मिशन प्रमुख द्वितीय सचिव ब्रुनेई दारुस्सलाम गणराज्य पेंगिरन मोहम्मद शफी अलवाली बिन पेंगिरन अबू बकर शामिल रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags