बंगाल की उत्तरी खाड़ी में आईसीजी ने 28 मछुआरों को नाव के साथ पकड़ा

20 Nov 2025 19:34:00
बंगाल की उत्तरी खाड़ी में पकड़े गए मछुआरे


- भारतीय क्षेत्र में अवैध शिकार करने पर पकड़े गए मछुआरे मरीन पुलिस को सौंपे गए

नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने गुरुवार को बंगाल की उत्तरी खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा पर निगरानी के दौरान एक बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाली नाव को उसके 28 क्रू मेंबर के साथ पकड़ा। इस विदेशी नाव को भारत के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (ईईजेड) के अंदर गैर-कानूनी तरीके से मछली पकड़ने के आरोप में जब्त करके आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नामखाना की मरीन पुलिस को सौंपा गया है।

आईसीजी के कमांडर अमित उनियाल ने बताया कि निगरानी के दौरान तटरक्षक बल के जहाज ने भारतीय पानी में एक संदिग्ध मछली पकड़ने वाली नाव को बचाव की कोशिश करते हुए देखा। नाव को तुरंत रोका गया और उसकी पहचान एक बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाली नाव के रूप में हुई, जो भारत के मैरीटाइम जोन (विदेशी जहाजों द्वारा मछली पकड़ने का नियमन) एक्ट, 1981 (एमजेडआई एक्ट) का उल्लंघन कर रही थी। आईसीजी की बोर्डिंग टीम ने पूरी तरह से छानबीन की।

जांच ​के दौरान पाया गया कि 28 बांग्लादेशी क्रू मेंबर में से किसी के पास भी भारत के मैरीटाइम जोन में मछली पकड़ने का ​वैध परमिट नहीं था। ​नाव से मछली पकड़ने ​का सामान और ताजी मछलि​यां बरामद हुईं, जिससे भारतीय इलाके में मछली पकड़ने की पुष्टि हुई। बाद में नाव को उसके क्रू के साथ पकड़ लिया गया और नामखाना फिशिंग हार्बर ले जाया गया। ​इसके बाद नाव और सभी क्रू मेंबर्स को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नामखाना की मरीन पुलिस को सौंप दिया गया।

बंगाल की खाड़ी में​ एक ​हफ्ते के भीतर मछली पकड़ने वाली​ चौथी बांग्लादेशी नाव​ और मछुआरों को पकड़ा गया है।​ आईसीजी ने 15 और 16 नवंबर को भारत के अनन्य आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) के अंदर अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में तीन बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाली नौकाओं (बीएफबी) और उनके 79 चालक दल के सदस्यों को पकड़ा है।​ यह तत्परता दिखाती है कि आईसीजीचौबीसों घंटे सतह और हवाई निगरानी के जरिए लगातार निगरानी बनाए रखता है, जिससे समुद्री कानूनों को असरदार तरीके से लागू किया जा सके और राष्ट्रीय समुद्री संपत्तियों की सुरक्षा हो सके।--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Powered By Sangraha 9.0