‘राष्ट्रीय तानसेन सम्मान’ से मुंबई के पं. राजा काले और कोलकाता पं. तरुण भट्टाचार्य हों विभूषित

21 Nov 2025 23:25:01
“तानसेन समारोह” (प्रतीकात्मक तस्वीर)


- साधना परमार्थिक संस्‍थान समिति खरगोन एवं रागायन ग्‍वालियर को मिलेगा ‘राजा मानसिंह तोमर राष्‍ट्रीय सम्‍मान’

भोपाल, 21 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की संगीतधानी ग्वालियर में इस साल 15 से 19 दिसंबर तक 101वां तानसेन समारोह का आयोजन होने जा रहा है। वर्ष-2024 का ‘राष्ट्रीय तानसेन सम्मान’ मुम्‍बई के पं. राजा काले को और वर्ष-2024 का ‘राष्ट्रीय तानसेन सम्मान’ कोलकाता के पं. तरुण भट्टाचार्य को प्रदान किया जाएगा। वहीं, वर्ष-2024 का ‘राजा मानसिंह तोमर राष्‍ट्रीय सम्‍मान’ साधना परमार्थिक संस्‍थान समिति, खरगोन और वर्ष-2025 का ‘राजा मानसिंह तोमर राष्‍ट्रीय सम्‍मान’ ‘रागायन’, ग्‍वालियर को प्रदान किया जाएगा। ये सम्मान ग्वालियर में आयोजित 101वें तानसेन समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

यह जानकारी शुक्रवार को प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने दी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश शासन संस्‍कृति विभाग द्वारा प्रतिवर्ष हिन्‍दुस्‍तानी शास्‍त्रीय संगीत के क्षेत्र में ‘राष्‍ट्रीय तानसेन सम्‍मान’ एवं संगीत, संस्‍कृति एवं कला के संरक्षण में कार्य करने वाली संस्‍था को ‘राजा मानसिंह तोमर राष्‍ट्रीय’ सम्‍मान प्रदान किया जाता है। सम्‍मानित कलाकार एवं संस्‍था को पांच लाख रुपये की सम्‍मान राशि एवं सम्‍मान पट्टिका भेंट की जाती है।

मंत्री लोधी ने बताया कि ‘राष्ट्रीय तानसेन सम्मान’ वर्ष-1980 से प्रदान किया जा रहा है। अब तक 55 कला सर्जकों को ये सम्मान प्रदान किया जा चुका है। वर्ष-2023 का ‘राष्ट्रीय तानसेन सम्मान’ सम्मान पंडित स्वपन चौधरी, कोलकत्ता (तबला वादक) को प्राप्त हुआ था। वर्ष-2023 का ‘राजा मानिसंह तोमर राष्ट्रीय सम्मान’ सम्मान सानंद न्यास, इंदौर को प्रदान किया गया था। ‘राजा मानिसंह तोमर राष्ट्रीय सम्मान’ वर्ष- 2011 से प्रदान किए जा रहे हैं। अब तक 13 संस्थाओं को ये सम्मान दिया जा चुका है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0