ओरछा में तीन दिवसीय श्रीराम-जानकी विवाह महोत्सव 24 नवंबर से, तैयारियां शुरू

युगवार्ता    21-Nov-2025
Total Views |
श्रीराम-जानकी विवाह महोत्सव की तैयारियां शुरू


कलेक्टर ने किया माँ अन्नपूर्णा एवं भट्टी का पूजन किया


- कलेक्टर ने किया मां अन्नपूर्णा एवं भट्टी का पूजन किया

- 23 नवंबर को 1 लाख दीप प्रज्वलन और 24 को होगा मण्डपाच्छादन पूजन, प्रीतिभोज - 25 नवंबर को श्रीराम राजा जू वर यात्रा (राम बारात) और 26 को होगा श्रीराम कलेवा एवं भजन कीर्तन

भोपाल, 21 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की अध्योध्या कही जाने वाले भगवान श्री राम राजा सरकार की नगरी ओरछा में श्रीराम-जानकी विवाह महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ऐतिहासिक नगरी ओरछा में श्रीराम विवाह महोत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कलेक्टर जमुना भिडे, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया एवं जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना द्वारा सामूहिक रूप से मां अन्नपूर्णा एवं भट्टी का पूजन किया गया।

निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े ने बताया कि पर्यटक नगरी ओरछा में 24 नवंबर से 26 नवंबर 2025 तक श्रीराम विवाह महोत्सव (विवाह पंचमी) का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। जिसमें भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का दिव्य स्वरूप प्रस्तुत किया जाएगा। श्रीराम विवाह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि ओरछा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन भी करेगा। कंचना घाट पर एक लाख दीपक की रोशनी से माँ बेतवा नदी की सौंदर्यता अनुपम देखने को मिलेगी।

कलेक्टर ने बताया कि श्री राम विवाह महोत्सव में 23 नवंबर 2025, रविवार को 1 लाख दीप प्रज्वलन (दीपोत्सव कार्यक्रम, कंचना घाट, ओरछा), 24 नवंबर 2025, सोमवार को मण्डपाच्छादन पूजन, प्रीतिभोज (अपरान्ह 3:00 बजे से) एवं मंगलवार, 25 नवंबर 2025 को श्री राम राजा जू वर यात्रा (राम बारात) रात्रि 7:00 बजे प्रस्थान करेगी। इसके साथ ही विवाह महोत्सव, संत समागम, रामचरित मानस प्रवचन, धनुष यज्ञ एवं श्री राम सेवादल द्वारा लीला का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा बुधवार, 26 नवंबर 2025 को श्रीराम कलेवा एवं भजन कीर्तन किया जाएगा।

शुद्ध घी से बनेगा भोजन प्रसादविवाह महोत्सव में भोजन प्रसादी के लिए 50 किलो बेसन की प्रकोड़ी तैयार की जाएगी। वहीं पुलाव के लिए 20 क्विंटल चावल लगेगा। भोजन में परोसने के लिए 40 क्विंटल बूँदी बनाई जाएगी। इस बार भी मण्डप का पूरा भोजन शुद्ध घी से बनेगा। इसके लिए 160 टीन शुद्ध घी मँगवाया गया है।

समूचे बुंदेलखंड से आएगी रामराजा की बारात में बैंड की टोलीभगवान श्री रामराजा सरकार की बारात के लिए इस बार खास तैयारियाँ की गई है। भगवान की बारात के लिए हर बार की तरह इस बार भी बाहर से बैंड पार्टियां बुलाई गई है। इस वर्ष बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों से बैंड पार्टियां बुलाई जा रही है। इसके अतिरिक्त स्थानीय बैंड पार्टी भी बारात में रहेगी। जिसमें 30 युवाओं की खास ढोल पार्टी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बारात में युवाओं की टोली साथ चलेगी।

उल्लेखनीय है कि बुन्देलखण्ड की अयोध्या के नाम से विश्व विख्यात श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा धाम में श्रीराम जानकी विवाह महोत्सव 25 नवंबर 2025 को ओरछा में भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिसकी तैयारियों के सम्बन्ध में जिला कलेक्टर ने सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था के सम्बन्ध में विशेष दिशा- निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags