नेपालः विवाह पंचमी महोत्सव में धनुष यज्ञ संपन्न, आज तिलकोत्सव की तैयारी

23 Nov 2025 10:30:01
राम जानकी विवाह पंचमी में धनुष यज्ञ का आयोजन


काठमांडू, 23 नवंबर (हि.स.)। जनकपुरधाम में जारी सप्ताह भर चलने वाले सीताराम विवाह पंचमी महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को धनुष यज्ञ का आयोजन किया गया। आज चौथे दिन तिलकोत्सव की तैयारी है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने धनुष यज्ञ में भाग लेते हुए वह शिव धनुष तोड़ा था, जिसे कोई भी उठाने में सक्षम नहीं था। इसके बाद ही मिथिला के राजा जनक की पुत्री सीता का विवाह भगवान राम से संपन्न हुआ था।

इसी मान्यता के आधार पर शनिवार रात विवाह पंचमी के तीसरे दिन जनकपुर के ऐतिहासिक रंगभूमि मैदान, बाह्रबिघा में धनुष यज्ञ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान राम के स्वरूप में सजे बालकों द्वारा धनुष भंग कर धनुष यज्ञ की परंपरा निभाई गई।

रामायण के वर्णन अनुसार, त्रेता युग में राजा जनक को यह शिवधनुष भगवान परशुराम ने प्रदान किया था। राजा जनक ने यह संकल्प लिया था कि जो पुरुष इस धनुष को उठा सकेगा, उसी के साथ वे अपनी पुत्री सीता का विवाह करेंगे। कहा जाता है कि कोई भी इस धनुष को हिला तक नहीं सका लेकिन अयोध्या से आए भगवान राम ने इसे उठाया और धनुष टूट गया। इसके बाद राम-सीता का विवाह संपन्न हुआ, ऐसी धार्मिक आस्था रही है।

सप्ताहव्यापी विवाह पंचमी महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को फूलबारी लीला मनाई गई थी, जबकि पहले दिन गुरुवार को नगरदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

चौथे दिन यानी आज रविवार को तिलकोत्सव होगा। पाँचवें दिन सोमवार को राम और जानकी की मटकोर, छठे दिन मंगलवार को मुख्य विवाह दिवस-विवाह पंचमी और सातवें दिन बुधवार को रामकलेवा के साथ विधिवत रूप से महोत्सव का समापन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0