


- विधायक समेत भक्तों ने की मां बेतवा की आरती
भोपाल, 23 नवंबर (हि.स.)। बुन्देलखंड की अयोध्या के नाम से विख्यात भगवान श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा धाम में श्रीराम-जानकी विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मप्र के निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में श्रीराम विवाह महोत्सव की पूर्व संध्या पर रविवार देर शाम बेतवा नदी के कंचना घाट पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान सवा लाख दीप प्रज्वलित किए गए, जिसमें जनप्रतिनिधियों और हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
ओरछा में बेतवा के कंचना घाट पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस दीपोत्सव कार्यक्रम में सबसे पहले पहले मां बेतवा की आरती की गई। इसके बाद सवा लाख दीपों का प्रज्जवलन किया गया। हजारों हाथों द्वारा एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाने से कंचना घाट और बेतवा नदी का किनारा प्रकाश से जगमगा उठा। नदी की लहरों में दीपों का प्रतिबिंब एक मनोरम दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। इस आयोजन में स्थानीय नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाएं, युवा समूह और देश-विदेश से आए पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचे। सभी ने मिलकर दीप जलाए और भगवान श्रीराम-जानकी के विवाह उत्सव का स्वागत किया।
इस अवसर पर निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिडे अपने परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। उनके साथ एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत रोहन सक्सेना, एएसपी ज्योति ठाकुर, एसडीएम मनीषा जैन, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इन अधिकारियों ने दीप जलाकर प्रदेश में शांति और विकास की कामना की।
राम विवाह महोत्सव ओरछा की सांस्कृतिक पहचानकलेक्टर जमुना भिडे ने कहा कि श्रीराम विवाह महोत्सव ओरछा की सांस्कृतिक पहचान है। प्रशासन ने पूरी तैयारी के साथ दीपोत्सव का आयोजन किया, जिसे लोगों की भागीदारी और श्रद्धा ने भव्य बना दिया। उन्होंने यह भी कहा कि हर वर्ष इस आयोजन को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
गौरतबल है कि भगवान श्री रामराजा सरकार की नगरी में हर साल भगवान राम और माता जानकी का तीन दिवसीय विवाहोत्सव बुंदेली परम्परा और राजसी वैभव के साथ मनाया जाता है। इस बार भी ओरछा को दुल्हन की तरह सजाया संवारा गया है। पूरे ओरछा को खूबसूरत लाइटों से सजाया गया है। इस विवाह उत्सव में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र राम मय हो गया है।
कलेक्टर जमुना भिडे ने बताया कि ओरछा में 24 नवंबर से 26 नवंबर 2025 तक श्रीराम विवाह महोत्सव (विवाह पंचमी) का आयोजन होगा, जिसमें भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का दिव्य स्वरूप प्रस्तुत किया जाएगा। श्री राम विवाह महोत्सव में पहले दिन सोमवार को मण्डपाच्छादन पूजन और प्रीतिभोज (अपरान्ह 3:00 बजे से) होगा, जबकि दूसरे दिन मंगलवार को श्री राम राजा जू वर यात्रा (राम बारात) रात्रि 7:00 बजे प्रस्थान करेगी। देर रात तक बारात नगर भ्रमण कर वापस मंदिर लौटेगी, जहां रात में विवाह महोत्सव, संत समागम, रामचरित मानस प्रवचन, धनुष यज्ञ एवं श्री राम सेवादल द्वारा लीला का मंचन किया जाएगा। इसके बाद बुधवार को श्रीराम कलेवा एवं भजन कीर्तन किया जाएगा।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर