पंचतत्व में विलीन हुए धर्मेंद्र, सनी देओल ने दी मुखाग्नि

24 Nov 2025 18:52:01
धर्मेंद्र - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और 'ही-मैन' कहलाने वाले धर्मेंद्र का निधन हो गया है। उनके बड़े बेटे सनी देओल ने विले पार्ले श्मशान घाट पर नम आंखों से उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

'शोले' के जय रहे अमिताभ बच्चन भी वीरू को अंतिम विदाई देने पहुंचे और भावुक नजर आए। श्मशान घाट से लेकर सोशल मीडिया तक धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने वालों की लंबी कतार दिखी। उनके पार्थिव शरीर को लेकर पहुंची एंबुलेंस की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

कुछ समय से थीं तबीयत नाज़ुक

धर्मेंद्र को 1 नवंबर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें 12 नवंबर को डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके बाद से उनकी घर पर देखरेख हो रही थी। लंबे समय से उनकी तबीयत गंभीर बताई जा रही थी, जिसके चलते फैंस लगातार उनके स्वास्थ्य की दुआ कर रहे थे। सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर के साथ ही देओल परिवार पत्नी हेमा मालिनी, बेटे सनी और बॉबी देओल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। धर्मेंद्र के निधन से पूरे बॉलीवुड में मातम पसर गया है। करण जौहर सहित कई फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर अपने दुख को व्यक्त किया और उन्हें सिनेमाई युग का अनमोल सितारा बताया। उनके जाने को भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

फैंस के लिए भावुक पल

धर्मेंद्र के फैंस इस खबर से गहरे सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके यादगार किरदारों, फिल्मों और तस्वीरों को शेयर कर भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई फैंस अब भी यकीन नहीं कर पा रहे कि करोड़ों दिलों पर राज करने वाला बॉलीवुड का 'ही-मैन' अब हमारे बीच नहीं रहा। धर्मेंद्र का जाना एक युग का अवसान है, एक ऐसी शख्सियत जिसकी मुस्कान, अंदाज़ और अभिनय ने हिंदी सिनेमा में एक अमिट छाप छोड़ी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0