


-घर घर लगे भगवा ध्वज, श्रीराम के साथ योगी मोदी की लहर
-आकर्षक लाइट से जगमगाने लगा रामलला का भव्य महल
अयोध्या, 24 नवंबर (हि.स.)। राम नगरी अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। विवाह पंचमी के पावन अवसर पर 25 नवंबर को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य शिखर पर भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित होगा। इसके लिए मंदिर परिसर काे फूलाें सजाया गया है।अयाेध्या के अधिकांश घराें की छत पर भगवा लहरा रहा है। राेड शाे के चलते पूरे मार्ग का सजाया गया है।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी होंगे, जो वैदिक मंत्रों की ध्वनि के बीच केसरिया रंग का विशेष ध्वज फहराया जाएगा धर्म ध्वजाराेहण न केवल मंदिर निर्माण के पूर्ण होने का प्रतीक होगा, बल्कि सदियों पुरानी आस्था और समर्पण की विजय का भी संदेश देगा। पूरे शहर में उत्साह का संचार है, हर कोना राममय हो चुका है। सड़कों पर फूलों की वर्षा, मंदिर परिसर में 100 टन से अधिक फूलों की सजावट और जय श्री राम के जयकारे गूंज रहे हैं। घर घर भगवा ध्वज फहर रहा है। योगी मोदी की जय जयकार हो रही है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार यह आयोजन जमीन से मंदिर के मुख्य शिखर पर 191 फीट ऊंचाई 22 फीट लंबाई, चौड़ाई 11 फीट त्रिकोणीय केसरिया ध्वज फहराने के साथ संपन्न होगा। ध्वज पर सूर्यवंश के प्रतीक के रूप में सूर्य चिन्ह और ओंकार अंकित है, जो त्याग, तप और सनातन परंपरा का प्रतीक है। अहमदाबाद में तैयार यह ध्वज ऑटोमैटिक सिस्टम से फहराया जाएगा, जिससे पुजारियों को शिखर पर चढ़ने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी का अयोध्या दौरा सामाजिक समावेशन और आध्यात्मिकता से ओतप्रोत होगा। सुबह लगभग दस बजे महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर से भारी सुरक्षा के बीच साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगे। यहां वैदिक परंपरा के अनुरूप 501 ब्राह्मण बटुकों द्वारा स्वस्ति वाचन, संतों के शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की पवित्र ध्वनि के बीच उनका शाही स्वागत होगा। साकेत से राम मंदिर परिसर तक रामपथ पर रोड शो होगा, जिसमें स्कूली बच्चे, महिलाएं और स्थानीय निवासी जगह-जगह पुष्प वर्षा करेंगे। रास्ते में सात स्थानों पर सांस्कृतिक मंच स्थापित हैं, जहां रामायण पर आधारित नृत्य, संगीत और लोक कलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। सांस्कृतिक उत्सव में भारतीय परंपराओं, अध्यात्म और पारंपरिक वाद्ययंत्रों का प्रदर्शन होगा।
21 नवंबर से चल रहा है अनुष्ठान
ध्वजारोहण का मुहूर्त 11:58 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित है, जो भगवान राम के जन्म नक्षत्र अभिजीत मुहूर्त से मेल खाता है। इससे पूर्व 21 से 25 नवंबर तक पांच दिवसीय वैदिक अनुष्ठान चल रहे हैं, जिसमें अयोध्या और काशी के प्रमुख संत-महात्मा विष्णु सहस्रनाम, अथर्वशीर्ष मंत्रों और यज्ञ कुंड पूजन कर रहे हैं।
अतिथियों को करेंगे संबोधित
मंदिर परिसर में पहुंचने पर मोदी राम दरबार गर्भगृह में रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद माता अन्नपूर्णा मंदिर में प्रार्थना के बाद वे मुख्य समारोह में भाग लेंगे। पांच मिनट के संक्षिप्त ध्वजारोहण अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वे बटन दबाकर ध्वज फहराएंगे। संबोधित भी करेंगे। समारोह के साक्षी बनने के लिए 6 से 7 हजार अतिथि पहुंचेंगे, जिनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजपाल आनंदीबेन पटेल , धर्मगुरु, व्यापार जगत के प्रमुख नाम, दलित, वंचित, ट्रांसजेंडर और अघोरी समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके बाद वे सप्तऋषि मंदिर में दर्शन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने प रखी तैयारियां
इस समारोह से एक दिन पहले अयाेध्या पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी और रामलला केे दर्शन कर आशीर्वाद लिया। योगी ने कहा कि 25 नवंबर को अयोध्या धाम का नाम फिर से इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा। भगवान राम के जीवन मूल्यों से प्रेरित यह ध्वजारोहण नई युग की शुरुआत करेगा। यह समारोह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का प्रतीक है।
पीएम मोदी क्रॉसिंग 11 से परिसर में करेंगे प्रवेश
प्रधानमंत्री मोदी क्रॉसिंग 11 आद्यगुरु शंकराचार्य द्वार से प्रवेश करेंगे दर्शन के बाद मंदिर परिसर में सप्त मंडप एवं रामायण की 3डी म्यूरल्स का अवलोकन करेंगे, एलएनटी के अधिकारियों व कर्मचारी से बात भी करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय