अभाविप के 71वें अधिवेशन में लद्यु भारत के होंगे दर्शन, प्रदर्शनी में समाया होगा ज्ञान का महासागर

25 Nov 2025 16:34:00
मीडिया से बातचीत करते अभाविप के पदाधिकारी।


देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर देहरादून में इन दिनों विद्यार्थियों की चहल-पहल बढ़ गई है। इसके साथ ही परेड ग्राउंड एक लघु भारत का रूप ले रहा है। मुख्य पंडाल के प्रवेश द्वार को भगवान बदरीनाथ के मंदिर के मुख्य द्वार के समान तैयार किया जा रहा है।

मंगलवार को अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सोलंकी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अधिवेशन में समूचे भारत से 1500 छात्र प्रतिभाग करेंगे और तीन प्रांतों से कलश यात्रा का जगह-जगह स्वागत हो रहा है।

अभाविप का 71वां राष्ट्रीय सम्मेलन इस बार देहरादून में आयोजित हो रहा है। 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर है।

सम्मेलन को लेकर सोलंकी ने बताया कि परेड ग्राउंड परिसर को भगवान बिरसा मुंडा के नाम नामित किया गया है। मुख्य सभागार देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल विपिन रावत के नाम नामित है। अधिवेशन में भारत के प्रत्येक प्रांत की हिस्सेदारी हो यह भी सुनिश्चित किया गया है। अधिवेशन में पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे जो देश के शिक्षा व्यवस्था को एक दिशा देंगे।

अधिवेशन का मुख्य आकर्षण रहेगी रानी अब्बक्का प्रदर्शनीअधिवेशन का मुख्य आकर्षण रानी अब्बक्का प्रदर्शनी रहेगी। इस प्रदर्शनी में उत्तराखंड की विभूतियों के साथ ही यहां की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक स्थलों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि प्रदर्शनी का अवलोकन करने उत्तराखंड व अन्य राज्यों के विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र पहुंचेंगे, जिन्हें समय दे दिया गया है।

कलश यात्राओं के जरिए वीरता का संदेशअभाविप के इस सम्मेलन में तीन कलश यात्राएं पहुंचेंगी, जो अपने गंत्व्य से रवाना हो चुकी हैं। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर झारखण्ड स्थित उनके गांव अलिहातु से भगवान बिरसा का संदेश लेकर यात्रा आरंभ हो चुकी है। रानी अब्बक्का की 500वीं जयंती पर कर्नाटक से कलश यात्रा देहरादून पहुंचेगी। इसके अलावा गुरु तेग बहादुर सिंह जी के 350वें बलिदान दिवस मौके पर दिल्ली स्थित गुरुद्वारा शीशगंज से पवित्र जल कलश अधिवेशन में पहुंचेगा। तीनों यात्राओं के कलश स्थापित किए जाएंगे और उसके बारे में जानकारी भी दी जाएगी।

श्रीकृष्ण पाण्डेय को मिलेगा यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कारअखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाला यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार 30 नवंबर को दिया जाएगा। इस वर्ष यह पुरस्कार गोरखपुर के समाज सेवी श्रीकृष्ण पाण्डेय को दिया जाएगा। श्रीकृष्ण पाण्डेय रोटी बचाओ आंदोलन के साथ ही गरीब व असहाय की मदद में अग्रणीय भूमिका निभाते हैं। यह पुरस्कार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी श्रीकृष्ण पाण्डेय को सौंपेगे। यह पुरस्कार वर्ष 1991 से प्राध्यापक यशवंतराव केलकर की स्मृति में दिया जा रहा है, जिन्हें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के शिल्पकार के रूप में जाना जाता है। पुरस्कार के रूप में एक लाख नकद, प्रमाण-पत्र व स्मृति-चिह्न शामिल हैं।

इसरो के पूर्व अध्यक्ष होंगे शामिलअखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि देश के प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक एवं इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ सम्मिलित होकर देशभर से आ रहे विद्यार्थी प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद पोखरियाल

Powered By Sangraha 9.0