टोक्यो के 25वें डेफलिंपिक्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, शूटिंग में 16 पदकों के साथ अभियान का समापन

25 Nov 2025 18:01:01
राइफल शूटर माहित संधू


टोक्यो, 25 नवंबर (हि.स.)। भारत ने टोक्यो में हुए 25वें समर डेफलिंपिक्स में शूटिंग में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 में से 16 पदक अपने नाम किए, जिनमें 7 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य शामिल हैं। प्रतियोगिता के 10 दिनों में भारतीय शूटरों ने लगातार दबदबा बनाए रखा।

सबसे सफल शूटर रहीं राइफल शूटर माहित संधू, जिन्होंने कुल चार पदक (दो स्वर्ण, दो रजत) जीते। उनके बाद पिस्टल शूटर अभिनव देशवाल और प्रांजली प्रशांत धुमाल रहे, जिन्होंने क्रमशः दो स्वर्ण और एक-एक रजत पदक हासिल किया। धनुष श्रीकांत ने 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम दोनों में स्वर्ण जीतकर दोहरी सफलता पाई। इसके अलावा मोहम्मद मुर्तजा ने एक रजत और एक कांस्य, जबकि कोमल मिलिंद वाघमारे ने दो कांस्य पदक जीते। अनुया प्रसाद ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में स्वर्ण, शौर्य सैनी ने 50 मीटर थ्री पोज़िशन्स में रजत और कुशाग्र सिंह राजावत ने 50 मीटर राइफल प्रोन में कांस्य पदक जीता।

भारत के शूटर चेतन हनमंत सपकाळ ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा के फ़ाइनल में छठा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने क्वॉलिफिकेशन में 564-5x के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहकर फ़ाइनल का टिकट हासिल किया था। हालांकि छह शूटरों वाले फ़ाइनल में वे आठ अंकों के साथ सबसे पहले बाहर हो गए। इस स्पर्धा में दक्षिण कोरिया के सियुंग ह्वा ली ने स्वर्ण पदक जीता, उनके हमवतन ताए यंग किम ने कांस्य और यूक्रेन के सेर्ही ओहोरोडनिक ने रजत पदक अपने नाम किया।

भारत ने पिछले 24वें समर डेफलिंपिक्स (कैसियास डो सुल, ब्राज़ील) में कुल 5 पदक (3 स्वर्ण, 2 कांस्य) जीते थे, जिसके मुकाबले इस बार प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0