एसआईआर पर कांग्रेस के आरोपों को भाजपा ने बताया देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश

युगवार्ता    28-Nov-2025
Total Views |
भाजपा महासचिव तरुण चुग


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर कांग्रेस पार्टी के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा ने इसे माहौल बिगाड़ने की कोशिश करार दिया है। भाजपा महासचिव तरुण चुग ने कहा कि गांधी-नेहरू परिवार के दरबार में अपनी जगह पक्की करने के लिए परिवार के चाटुकार नेता राहुल गांधी की झूठ और भ्रम की राजनीति को हवा दे रहे हैं। कांग्रेस और दिग्विजय सिंह की राजनीति पूरी तरह से डर फैलाने पर टिकी है।

उन्होंने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस सरकार और देश की संस्थाओं को बदनाम करने की असली अपराधी बन गई है। अब एसआईआर पर बयान देकर फिर से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। जबकि कहीं भी धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है। राहुल गांधी की यह मुस्लिम लीग ब्रिगेड देश में अंधकार और तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है।

कर्नाटक में मुख्यमंत्री की कर्सी की खींचतान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तरुण चुग ने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस कांग्रेस में अंदरूनी कलह और सत्ता संघर्ष चल रहा है। सुशासन और विकास ठप हो गया है और विवाद जारी है। कांग्रेस सरकार कुर्सी की लड़ाई में इतनी उलझ गई है कि उसने जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव में हार पर 4 घंटे की समीक्षा बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने चुनाव आयोग पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से जानबूझकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का आरोप लगाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags