

- बस के कांच तोड़कर यात्रियों को निकाला, 30 लोगों को बचाया गया
इंदौर, 3 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में सोमवार रात यात्रियों से भरी एक बस और तेज रफ्तार कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर होते ही दोनों वाहन गहरी खाई में गिर गए। इस हादसे में दो महिलाओं समेत चार यात्रियों की मौत हो गई। हालांकि प्रशासन ने 3 मौत की पुष्टि की है, जबकि कई यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस के यात्रियों को कांच तोड़कर बाहर निकाला गया। इस दौरान करीब 30 लोगों को बचाया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार रात करीब 9.40 बजे सिमरोड के पास भेरूघाट पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस ओंकारेश्वर से इंदौर की ओर आ रही थी। तभी उसकी कार से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे। यात्रियों का कहना है कि बस ड्राइवर ने शराब पी रखी थी।
एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। करीब 30 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। कुछ लोगों को बस के कांच तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। इस हादसे में घायल लोगों को इंदौर के एमवाय अस्पताल और महू के सिविल अस्पताल लाया गया है। क्रेन की मदद से बस को निकाला गया।
एडिशनल एसपी द्विवेदी ने बताया कि दो महिलाओं की मौके पर मौत हुई है। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल एसडीएम महू को मौके पर भेजकर घायलों को इंदौर के एमवाय अस्पताल पहुंचाया। कलेक्टर ने पूरी घटना के जांच के आदेश भी दिए हैं।
हादसे में चार लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने तीन मौतों की पुष्टि की है। बताया गया है कि दो महिलाओं पद्मा बाई (45) और सरला (45) पत्नी चिंतेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक मृतक की पहचान राहुल (25) पुत्र अजय निवासी सूरत, गुजरात के रूप में हुई है। इंदौर के सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि एमवाय अस्पताल में सात घायल और मृतक के शव को लाया गया है। वहीं महू के सिविल अस्पताल में दो महिलाओं के शव लाए गए हैं। हादसे में 30 लोगों को सुरक्षित बचाया है।
हादसे में यूपी के राहुल नामक एक युवक की भी मौत हो गई। राहुल के दोस्त रवि वर्मा ने बताया कि दोनों उज्जैन और ओंकारेश्वर दर्शन करने आए थे। इस दौरान ओंकारेश्वर से दर्शन कर वापस उज्जैन जा रहे थे। बस स्पीड में थी। इस दौरान कार सवार सामने आ गया। दोनों ही वाहन खाई में जा गिरे। राहुल सूरत में रिक्शा चलाने का काम करता था। रवि ने बताया कि मैं भी बस में फंस गया था, मौके पर मौजूद लोगों ने कांच तोड़कर बाहर निकाला।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर