परिवारवादी पार्टियां अपने परिवार के अलावा किसी और का विकास नहीं होने देती : डॉ. मोहन यादव

04 Nov 2025 20:02:01
बिहार में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव


- मप्र के मुख्यमंत्री ने बिहार में चुनावी सभाओं में कहा-श्रीराम के अस्तित्व को नकारने, देश के विकास में अवरोध उत्पन्न करने वालों को सबक सिखाएंपटना, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि परिवारवादी पार्टियां अपने परिवार के अलावा किसी और का विकास नहीं होने देती हैं। बिहार का भविष्य संवारने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए एनडीए प्रत्याशियों को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को बिहार के पटना जिले की बांकीपुर और मनेर विधानसभा में रोड शो कर मधेपुरा जिले के मधेपुरा विधानसभा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और एनडीए सरकार ही बिहार का विकास कर सकती है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार का विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने सदैव राष्ट्रहित के लिए कार्य किया और भारत का मान-सम्मान वैश्विक स्तर में बढ़ाने का कार्य किया है। आप सभी लोगों का अपना स्नेह, प्यार, आशीर्वाद और समर्थन बता रहा है कि आप सभी लोगों ने बिहार में एक बार फिर एनडीए सरकार बनाने का निर्णय ले चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सदैव राष्ट्रहित के लिए कार्य किया और भारत का मान-सम्मान वैश्विक स्तर में बढ़ाने का कार्य किया है। आप सभी लोगों का अपना स्नेह, प्यार, आशीर्वाद और समर्थन बता रहा है कि आप सभी लोगों ने बिहार में एक बार फिर एनडीए सरकार बनाने का निर्णय ले चुके हैं। भारत भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान बुद्ध की धरती है, लेकिन कांग्रेस और उसके साथ गठबंधन करने वाले दलों ने तो भगवान श्रीराम के अस्तित्व को ही नकार दिया था। बिहार की जनता भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वालों को इस विधानसभा चुनाव में सबक सिखाएं। बिहार की जनता को विकास की मुख्य धारा से दूर रखने वाले नेताओं को भी सबक सिखाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जब से देश की बागडोर संभाली है, भारत तेजी से विकास विकास कर रहा है। भारत की शक्ति और सामर्थ्य तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री गुजरात के एक गरीब सामान्य परिवार से निकलकर आज भारत का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने सदैव राष्ट्रहित और अच्छाई के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां सबको मौका मिलता है। मुझे भी मुख्यमंत्री बनाकर सेवा का अवसर दिया है, जबकि मेरे परिवार में कोई सांसद, विधायक नहीं है।

जनता के लिए अपनी जान की बाजी लगाने को भी तैयार हूं

डॉ. यादव ने कहा कि जब मैं आपके बीच आ रहा था, तो रास्ते खोद दिए गए थे। हेलीपैड खोद दिए गए थे, ताकि मैं आप सभी के बीच न पहुंच सकूं। लेकिन हमारा और आप सभी का बहुत पुराना संबध है। मैंने कहा कि जो मर्जी आए करो, मैं तो जनता के बीच जाने के लिए जान की बाजी लगाने को भी तैयार हूं। बिहार के लोगों के बीच आकर हमेशा आनंद का अनुभव करता हूं।

एनडीए सरकार गरीबों और महिलाओं की जिंदगी बेहतर बनाने का कार्य कर रही

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार गरीबों, महिलाओं के साथ सभी समाज वर्ग के कल्याण और जिंदगी बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है। भाजपा और एनडीए गठबंधन ही गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों के लिए कार्य करता है। कांग्रेस सहित बाकी दलों को जनता से कोई लेना देना नहीं है। वह जनता को वोट बैंक समझते हैं। जनता को भ्रमित करने, बरगलाकर अपना हित साधने में जुटी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की असली मंशा को बिहार की जनता भांप चुकी है। एनडीए सरकार और गठबंधन जनता को जनार्दन मानकर उसकी सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। लोकतंत्र को सुरक्षित रखने और उसे और मजबूत बनाने के लिए मतदान बहुत आवश्यक होता है। आप सभी लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने वाले प्रधानमंत्री मोदी का हाथ मजबूत करने के लिए एनडीए प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।

कांग्रेस पार्टी आजादी के 75 साल बाद भी एक परिवार से अलग नहीं हो पाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी कांग्रेस पार्टी एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। कांग्रेस 75 सालों बाद भी परिवारवाद से खुद को अलग नहीं कर सकी है। जो पार्टी या नेता परिवारवाद के बंधन में जकड़ा हुआ है, वह देश की जनता का भला नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री मोदी देश की 140 करोड़ जनता को अपना परिवार मानते हैं। भाजपा में सामान्य कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का पूरा मौका दिया जाता है। मैं खुद इसका उदाहरण हूं, न कोई सांसद, न विधायक का बेटा, केवल एक कार्यकर्ता था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने मुझे मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया। यही सच्चा लोकतंत्र है। भाजपा में हर जाति, समाज और वर्ग के लोगों को समान अवसर मिलता है। जबकि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों में परिवारवाद हावी है।

रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, किया भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री ने पटना जिले की बांकीपुर और मनेर विधानसभा में रोड शो कर एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील की। रोड शो वाले मार्ग पर सड़क के दोनों ओर भारी संख्या में स्थानीय लोगों का जनसैलाब उमड़ा हुआ था। लोग पुष्पवर्षा कर रोड शो का भव्य स्वागत कर रहे थे। रोड शो मार्ग के दोनों तरफ बने मकानों, दुकानों में रहने वाले लोगों ने पुष्पवर्षा कर रोड शो का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने दोनों रोड शो में एनडीए प्रत्याशी के ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार की जनता एवं स्थानीय मतदाताओं पर पुष्प वर्षा कर अभिवादन किया।

_______________

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0