

पूर्णिया, 7 नवंबर (हि.स.)। भारत के गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को एनडीए और भाजपा प्रत्याशी विजय खेमका के समर्थन में पूर्णिया शहर के भट्ठा बाजार क्षेत्र में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रोड शो में भारी जनसमूह उमड़ा और पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों का उत्साह देखने लायक था।
यह रोड शो आर. एन. साव चौक स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से शुरू होकर कालीबाड़ी चौक, लखन चौक, खीरू चौक, जिला स्कूल होते हुए आस्था मंदिर के पास समाप्त हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में गृह मंत्री अमित शाह ने वीर कुंवर सिंह स्मारक पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उसके बाद भारत माता की जय एवं वंदे मातरम के नारे लगवाए।
रोड शो में भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक विजय खेमका, भाजपा नेत्री एवं उप महापौर पल्लवी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। पूरे मार्ग में छतों और सड़कों पर लोगों की भीड़ जय श्रीराम, भारत माता की जय जैसे नारों से वातावरण को गूंजा रही थी। कई स्थानों पर अमित शाह पर पुष्प वर्षा की गई।
श्रीराम सेवा संघ की महिलाओं ने इस अवसर पर भाजपा और विधायक विजय खेमका के समर्थन में भजन और गीत गाकर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। पूरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आया और लोगों ने इसे अब तक का सबसे विशाल रोड शो बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह