अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन स्थल का भूमिपूजन संपन्न

07 Nov 2025 19:19:00
परेड ग्राउंड स्थित अभाविप के 71 वें राष्ट्रीय अधिवेशन का कार्यक्रम स्थल के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम।


-देशभर से कुल 1500 विद्यार्थी और शिक्षक कार्यकर्ता करेंगे प्रतिभाग

-71 वेदपाठी पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चारण से अधिवेशन स्थल आलोकित

देहरादून, 7 नवंबर (हि.स.)। देवभूमि उत्तराखंड में आगामी 28 से 30 नवंबर से तक आयोजित होने वाले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन के निमित्त शुक्रवार को परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन किया गया। कुल 71 वेदपाठी पुरोहितों की ओर से वैदिक वेद मंत्रों के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखण्ड प्रांत के प्रांत प्रचारक डॉ.शैलेन्द्र ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का राष्ट्रीय अधिवेशन उत्तराखंड की पावन धरा पर आयोजित होना अत्यंत हर्ष का विषय है। उत्तराखंड की भूमि को देवभूमि कहा जाता है और इस स्थान का भारतीय संस्कृति एवं इतिहास में प्रमुख स्थान है। निश्चित ही ऐसी पावन धरा पर राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने वाले संगठन का यह अधिवेशन सफल और ऐतिहासिक होगा। उन्होंने बताया कि अभाविप के इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से कुल 1500 विद्यार्थी एवं शिक्षक कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। तीन दिन तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागी होने वाले प्रतिनिधि शिक्षा क्षेत्र में विभिन्न परिवर्तनों की समसामयिक स्थिति पर चर्चा करेंगे। साथ ही संगठनात्मक, रचनात्मक एवं आंदोलनात्मक विषयों तथा लक्ष्यों का निर्धारण करने पर भी मंथन किया जाएगा।

इस अधिवेशन में भारत के समसामयिक मुद्दों और चुनौतियों के समाधान में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। उत्तराखंड में आयोजित इस राष्ट्रीय अधिवेशन का संदेश पूरे देश में जाएगा। इस प्रकार की तैयारी संगठन की ओर से की जा रही है। कार्यक्रम में पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज नीखरा,क्षेत्रीय सह-संगठन मंत्री विपिन गुप्ता,उत्तराखंड प्रांत के प्रांत अध्यक्ष डॉ.जे.पी.भट्ट,प्रांत मंत्री ऋषभ रावत, प्रांत संगठन मंत्री अंकित सुन्द्रियाल उपस्थिति रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

Powered By Sangraha 9.0