राजद ने अनुसूचित जाति के कांग्रेस अध्यक्ष का किया अपमान : प्रधानमंत्री

07 Nov 2025 17:36:01
प्रधानमंत्री मोदी औरंगाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए


- कांग्रेस के कनपट्टी में कट्टा सटा कर राजद ने घोषित करवाया मुख्यमंत्री उम्मीदवार

पटना, 07 नवंबर (हि.स.)। बिहार के औरंगाबाद और भभुआ में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि अनुसूचित समाज के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने किया अपमानित है। कांग्रेस के अनुसूचित समाज के प्रदेश अध्यक्ष को भी राजद ने अपमानित किया है। जंगलराज वालों के पास हर वो चीज है, जिससे यहां के लोगों को खतरा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजद नेताओं को जहां मौका मिलता है, वे कांग्रेस को अपमानित करने से बाज नहीं आते। कांग्रेस की कनपट्टी में कट्टा सटा कर राजद ने अपने को मुख्यमंत्री घोषित कराया। कांग्रेस को वही सीटें दी, जो दो दशक से राजद नहीं जीत पाई है। संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस को अनुसूचित जाति के प्रदेश अध्यक्ष को नहीं बुलाया गया।

प्रधानमंत्री ने भीड़ से पूछा कि अपनों को धोखा देनेवाले आपके हो सकते हैं क्या? राजद के लोग युवाओं को नौकरी देने की बजाय अभी से रंगदार बनाने में लग गए हैं। कट्टा, दोनाली, फिरौती, रंगदारी की पढ़ाई पढ़ाने लगे हैं। मोदी ने आगे कहा कि जंगल राज वाले नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में जमानत पर चल रहे हैं। ये नौकरी क्या देंगे आप सोच सकते हैं। भीड़ से पूछा- बिहार को कट्टा सरकार चाहिए क्या, आवाज आई नहीं।

पहले चरण के मतदान में हुए बंपर मतदान पर प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी से ही पराजय का कारण ढूंढने में राजद-कांग्रेस के लोग लग गए हैं। इस बार बिहार में राजग की अब तक सबसे बड़ी जीत होगी। महिलाओं का सम्मान करना राजग जानती है। पहले नगर निकाय व पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, फिर नौकरी में 35 प्रतिशत और अब रोजगार के लिए एक करोड़ 40 लाख बहनों के खाते में 10-10 हजार रुपये दिए गए। रोजगार के लिए उन्हें दो लाख रुपये दिए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने याद दिलाते हुए कहा, मैंने जो कहा वही किया। कश्मीर से धारा-370 समाप्त कराया। अगड़े वर्ग के गरीबों को आर्थिक सुधार के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण दिया। मैं जो कहता हूं वहीं करता हूं। बिहार में 60 लाख गरीब परिवारों को पक्का घर दिया। इसमें सभी वर्ग के लोग शामिल हैं। घर-घर मुफ्त बिजली के साथ किसानों को सम्मान राशि दी जा रही है। इस बार सरकार बनी, तो किसानों के सम्मान राशि में तीन हजार की बढ़ोतरी होगी। प्रत्येक वर्ष किसानों को नौ हजार रुपये मिलेंगे।

प्रधानमंत्री ने मंच से राजग उम्मीदवारों को विजयी बनाने और बिहार में एक बार फिर से राजग की सरकार बनाने का आह्वान किया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Powered By Sangraha 9.0