
भारतीय राष्ट्रीय दल में 15 से 26 नवंबर तक होने वाले डेफलिंपिक में 11 खेलों में 73 एथलीट शामिल होंगे
नई दिल्ली, 8 नवंबर (हि.स.)। भारत ने 15 नवंबर से 26 दिसंबर तक जापान के टोक्यो में होने वाले आगामी डेफलिंपिक खेलों के लिए 111 सदस्यीय दल की घोषणा की है। इस दल में 73 एथलीट और 38 कोच शामिल हैं। यह डेफलिंपिक खेलों में अब तक का सबसे बड़ा भारतीय दल है।
केंद्रीय खेल मंत्रालय ने सरकार की लागत के आधार पर इस दल को मंजूरी दी है। भारत 11 खेलों - एथलेटिक्स, बैडमिंटन, गोल्फ, जूडो, कराटे, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कुश्ती और टेनिस में भाग लेगा।
डेफलिंपिक खेलों का आयोजन अंतरराष्ट्रीय बधिर खेल समिति (आईसीएसडी) द्वारा किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति द्वारा मान्यता प्राप्त आईसीएसडी अगस्त 1924 से स्वतंत्र रूप से कार्य कर रहा है। आईसीएसडी अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति से संबद्ध नहीं है।
आईओसी के संरक्षण में आयोजित होने वाले डेफलिम्पिक्स, दुनिया के दूसरे सबसे पुराने अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल आयोजन हैं।
आईसीएसडी के सदस्यों में अब 117 विभिन्न देशों के संबद्ध राष्ट्रीय खेल संगठन शामिल हैं। आईओसी कार्यकारी बोर्ड ने 16 मई 2001 के अपने निर्णय में, विश्व बधिर खेलों का नाम बदलकर डेफलिम्पिक्स कर दिया, जिससे खेलों के शीर्षक और उनकी स्थिति के बीच का विरोधाभास समाप्त हो गया।
पहला डेफलिम्पिक्स, जिसे अंतरराष्ट्रीय मूक खेल के रूप में जाना जाता है, 1924 की गर्मियों में पेरिस में आयोजित किया गया था, और बाद में, ये बधिर खेल द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान एक अंतराल के साथ हर चार साल में आयोजित किए जाने लगे।
1924 से आज तक आईसीएसडी ने ओलंपिक खेलों के वर्ष के बाद के वर्ष में 24 ग्रीष्मकालीन और 18 शीतकालीन डेफलिम्पिक्स का आयोजन किया है। इसके अलावा हर चार साल में विभिन्न खेलों में विश्व चैंपियनशिप और क्षेत्रीय चैंपियनशिप आयोजित की जाती हैं। हाल ही में ब्राज़ील के कैक्सियास डू सुल में आयोजित 24वें ग्रीष्मकालीन डेफलिम्पिक्स में 2,400 से अधिक एथलीटों ने भाग लिया था।
भारत 1965 से अंतरराष्ट्रीय बधिर खेलों में भाग ले रहा है। वाशिंगटन में भारत की पहली उपस्थिति में सात पुरुष एथलीटों और पांच अधिकारियों ने भाग लिया था। 1985 में पहली बार तीन महिला एथलीटों ने भाग लिया था। मई 2022 में ब्राज़ील के कैक्सियास डू सुल में आयोजित पिछले डेफलिम्पिक्स 2021 में भारत का प्रतिनिधित्व 39 पुरुष और 26 महिला एथलीटों ने किया था।
भारत ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 16 पदक, जिसमें आठ स्वर्ण, 1 रजत और सात कांस्य पदक जीता है। कुल मिलाकर भारत ने 26 स्वर्ण पदक, 9 रजत और 17 कांस्य पदक जीते हैं। ब्राज़ील में हुए पिछले ग्रीष्मकालीन खेलों में भारत ने 11 खेलों में प्रतिस्पर्धा करने के लिए 65 एथलीट भेजे थे। बैडमिंटन में, जेरलिन जयरत्चगन ने तीन स्वर्ण पदक जीते थे। धनुष श्रीकांत ने 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग स्पर्धा में 247.5 अंकों के साथ नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए दो स्वर्ण पदक जीते थे। टेनिस में पृथ्वी शेखर ने तीन पदक जीते। कुश्ती में, वीरेंद्र सिंह ने कांस्य पदक के साथ लगातार पांचवां डेफलिंपिक पदक जीता था। टोक्यो ओलंपियन गोल्फ़र दीक्षा डागर ने रजत पदक जीता था।
भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सोफिया 1993 में रहा था, जब उन्होंने पांच स्वर्ण और दो कांस्य सहित सात पदक जीते थे। भारत ने कोपेनहेगन 1997 (3 स्वर्ण, 3 रजत, 1 कांस्य) और मेलबर्न 2005 (3 स्वर्ण, 1 रजत, 3 कांस्य) में भी सात-सात पदक जीते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे