

गांधीनगर, 09 नवंबर (हि.स.)। ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने रविवार को गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार भेंट की। ओडिशा के राज्यपाल 8 नवंबर शनिवार को भारत पर्व में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री पटेल ने डॉ. कंभमपति को स्मृति चिह्न अर्पित कर सम्मानित किया।
एक भारत, श्रेष्ठ भारत अंतर्गत इस भारत पर्व में जिन राज्यों की कलाकृतियों का प्रदर्शन और प्रस्तुति होते हैं, उन राज्यों के महानुभाव विशेष रूप से उपस्थित रहकर कलाकारों को प्रोत्साहित करते हैं। इसी क्रम में शनिवार को भारत पर्व में ओडिशा के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति अतिथि विशेष के रूप में उपस्थित रहे। सरदार पटेल की 150वीं जयंती का उत्सव 15 नवंबर तक नर्मदा जिले के एकता नगर में भारत पर्व तथा एकता पर्व के साथ मनाया जा रहा है।
उन्होंने एकता नगर में एकता प्रकाश पर्व की रोशनी, विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, सरदार सरोवर रिवर बेड पावर हाउस, बटरफ्लाई पार्क, फूड कोर्ट, हस्तकला हाट, थीम पैवेलियन आदि भी देखे। उन्होंने गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ शिष्टाचार भेंट के दौरान एकता नगर को एक संपूर्ण विश्व पर्यटन धाम के रूप में विकसित करने की राज्य सरकार की सफलता की सराहना की।
ओडिशा के राज्यपाल ने भावना व्यक्त की कि वे भारत पर्व में सहभागी होने आए कलाकारों, हस्तकला कारीगरों सहित पर्यटकों के लिए की गई सुंदर व्यवस्थाओं से प्रभावित हुए। उन्होंने राज्य सरकार को इसके लिए अभिनंदन दिया।
राज्य सूचना विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में मनाई जा रही सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के साथ आयोजित होने वाला भारत पर्व गुजरात में हो रहा है। इस भारत पर्व में प्रतिदिन रात्रि में देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुति कर ‘अनेकता में एकता ही हमारी विशेषता’ का ध्येय साकार किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की अपर प्रधान सचिव अवंतिका सिंह ने डॉ. कंभमपति का स्वागत कर अभिवादन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Abhishek Barad