बीएल संतोष पहुंचे लखनऊ, बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी के साथ की मंत्रणा

01 Dec 2025 21:07:00
एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं के साथ बीएल संतोष


लखनऊ, 01 दिसम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पूर्व मंत्री डॉ महेन्द्र सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय और प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने बीएल संतोष का स्वागत किया। इसके बाद बीएल संतोष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्तीय कार्यालय भारती भवन पहुंचे। भारती भवन में उन्होंने संघ के सह सरकार्यवाह अरूण कुमार व सह सरकार्यवाह अतुल लिमये के अलावा पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक से भेंट की। सरकार्यवाह के साथ संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक बैठक में भी बीएल संतोष उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अलावा भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल भी उपस्थित रहे।संघ व भाजपा के दोनों शीर्ष पदाधिकारियों की उ​पस्थिति में संगठन व सरकार के बीच तालमेल के बारे में चर्चा हुई। इसके अलावा पूर्व में हुई समन्वय बैठकों में सरकार को सुझाए गए, बिन्दुओं के बारे में समीक्षा की गयी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बीएल संतोष से मुलाकात की।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Powered By Sangraha 9.0