मोजाम्बिक रेलवे प्रतिनिधिमंडल ने बरेका का किया दौरा, लोकोमोटिव को और बेहतर बनाने पर विमर्श

01 Dec 2025 20:25:00
मोजाम्बिक रेलवे प्रतिनिधिमंडल बरेका में


- कारखाना में उपलब्ध डिजाइन क्षमताओं और निर्माण सुविधाओं से हुए प्रभावित

वाराणसी, 01 दिसम्बर (हि.स.)। मोजाम्बिक रेलवे (सीएफएम) के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मेसर्स राइट्स के अधिकारियों के साथ बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने कारखाने में निर्माणाधीन 3300 एचपी केप गेज मोजाम्बिक लोकोमोटिव की प्रगति का विस्तृत आकलन किया और विशेषज्ञ अधिकारियों से तकनीकी विमर्श किया। दल ने बरेका की न्यू ब्लॉक शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेम्बली शॉप, इंजन टेस्ट शॉप, लोको असेंबली शॉप सहित कई प्रमुख वर्कशॉप में भ्रमण किया।

प्रतिनिधियों को लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और बरेका की उन्नत विनिर्माण सुविधाओं से अवगत कराया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने डिजाइन विभाग का भी भ्रमण किया, जहां मोजाम्बिक लोकोमोटिव को और बेहतर बनाने के लिए डिजाइन सुधारों पर विशेष चर्चा की गई। प्रतिनिधि बरेका की डिजाइन क्षमताओं और अत्याधुनिक निर्माण तकनीकों से बेहद प्रभावित दिखे। कारखाना भ्रमण के बाद महाप्रबंधक कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया।

बैठक में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) सुनील कुमार और मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बरेका की उपलब्धियों, तकनीकी विकास, वैश्विक निर्यात और मोज़ाम्बिक लोकोमोटिव के निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान लोकोमोटिव में लगने वाले उन्नत क्रिटिकल कंपोनेंट्स पर विशेष चर्चा हुई।

बैठक में मोजाम्बिक के कार्यकारी बोर्ड सदस्य कैंडिडो गुमिस्साई जोन, वरिष्ठ यांत्रिक इंजीनियर एरास्टो जैसिंटो इवानो मुलेम्ब्वे, बोर्ड सलाहकार अरुण कुमार नरसिम्हा पाई सहित बरेका के वरिष्ठ अधिकारियों—प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एस.के. श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) भारद्वाज चौधरी, मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन तथा प्रमुख संरक्षा अधिकारी एस.बी. पटेल उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल के आगमन पर एस.के. श्रीवास्तव ने बुके प्रदान कर उनका स्वागत किया।

मोजाम्बिक रेलवे ने दिए हैं 10 आधुनिक लोकोमोटिव के निर्माण के ऑर्डर

बरेका जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार मोजाम्बिक रेलवे (सीएफएम) ने मेसर्स राइट्स के माध्यम से 10 अत्याधुनिक 3300 हॉर्स पावर एसी–एसी डीजल-इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के निर्माण और आपूर्ति को स्वीकृति दी है। इनमें से चार लोकोमोटिव का निर्माण पूरा कर अक्टूबर 2025 तक सफलतापूर्वक मोज़ाम्बिक भेज दिया गया है। शेष छह लोकोमोटिव का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इन्हें जल्द ही भेजा जाएगा।

ये लोकोमोटिव केप गेज (1067 मिमी) पर 100 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से चलने में सक्षम हैं। चालक सुविधा के लिए इनमें रेफ्रिजरेटर, हॉट प्लेट, मोबाइल होल्डर, उन्नत कैब डिज़ाइन और शौचालय जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी शामिल हैं। बरेका अब तक 11000 से अधिक लोकोमोटिव का निर्माण कर भारतीय रेलवे, इस्पात संयंत्रों, खानों, बंदरगाहों और विभिन्न देशों को आपूर्ति कर चुका है। जनवरी 1976 में पहला निर्यातित लोकोमोटिव तंजानिया भेजा गया था। इसके बाद से वियतनाम, माली, सेनेगल, अंगोला, म्यांमार, बांग्लादेश, श्रीलंका, मलेशिया, मोज़ाम्बिक, सूडान सहित कई देशों को कुल 176 लोकोमोटिव निर्यात किए जा चुके हैं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0