
रायपुर, 12 दिसंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में साय सरकार के दो साल पूरे होने पर शुक्रवार की शाम न्यू सर्किट हाउस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री विष्णुदेव अपने मंत्रियों के साथ सरकार के कामकाज की रिपोर्ट पेश की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने पुनर्वास नीति में बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए साय ने कहा कि कांग्रेस के हर पाप को धोने का काम हम कर रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उन पर जितना इनाम है उसका पूरा पैसा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश देख रहा है कि हमारे जवानों ने मुस्तैदी और साहस के साथ नक्सलियों से लड़ाई लड़ी। अब छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खात्मे की तरफ है। पिछली कांग्रेस की सरकार पांच सालों में नक्सलवाद के खिलाफ जो काम नहीं कर पाई है, उससे ज्यादा काम हमने दाे सालों में करके दिखाया है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने दो साल की उपलब्धियां गिनाई। राजीव गांधी न्याय योजना की चौथी किस्त अब तक किसानाें को नहीं मिली है, इस सवाल पर सीएम साय ने कहा, भूपेश सरकार का पूरा पाप हम धो रहे हैं। सबके प्रति न्याय होगा, धैर्य रखिए।
कांग्रेस ने शीतकालीन सत्र के पहले दिन का बहिष्कार किया है। इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस हार से बौखला गई है। हर चुनाव में हारे हैं। बिना तथ्य के विपक्ष बात करता है। हम चाहते हैं कि विपक्ष मजबूत रहे, लेकिन ये उनका पर्सनल मैटर है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सरकार ने अपने पहले ही कैबिनेट में 18 लाख आवास स्वीकृत किए थे। उन्होंने कहा कि इससे आवासहीन परिवारों का सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी के अनुरूप धान का बकाया बोनस और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की राशि किसानों को दी गई।कांग्रेस ने भी बोनस देने का वादा किया था, लेकिन पूरा नहीं किया। सरकार ने अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर किसानों को बोनस जारी किया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से सरकार लगातार महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण दे रही है।
अब तक 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे आज महिलाओं के चेहरों पर संतोष और भरोसा दोनों दिखाई देता है।
पीएससी में सुधार और पारदर्शिता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पीएससी के प्रति युवाओं का विश्वास बढ़ा है। “युवाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास साफ दिखाई देता है।
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया और कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के दो वर्ष “सफलतम” रहे हैं। उन्होंने जनता को जनादेश के लिए नमन करते हुए कहा कि राज्य की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर विश्वास कर यह जनादेश दिया।
इस दौरान उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, दयालदास बघेल, लक्ष्मी राजवाड़े और श्यामबिहारी जायसवाल भी मौजूद हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा