प्रधानमंत्री ने शिवराज पाटिल के निधन पर जताया शोक

युगवार्ता    12-Dec-2025
Total Views |
शिवराज सिंह पाटिल के साथ प्रधानमंत्री मोदी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 12 दिसंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पाटिल ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में समाज और राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शिवराज पाटिल का जाना राजनीति और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने पाटिल के साथ अपने वर्षों पुराने अनेक संवादों को याद किया और बताया कि कुछ महीने पहले पाटिल ने उनके आवास पर मुलाकात भी की थी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि शिवराज पाटिल ने विधायक, सांसद, केन्द्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। सार्वजनिक जीवन में उनकी प्रतिबद्धता, समाज कल्याण के प्रति उनका समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट आस्था हमेशा याद रखी जाएगी। प्रधानमंत्री ने पाटिल के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags