इतिहास के पन्नों में 26 दिसंबर : 2004 में हिंद महासागर की सुनामी दुनिया को हिला दिया

युगवार्ता    25-Dec-2025
Total Views |
26 दिसंबर 2004 में आई हिंद महासागर की विनाशकारी सुनामी


26 दिसंबर, 2004 को विश्व इतिहास की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक ने एशिया और हिंद महासागर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रिक्टर पैमाने पर 9.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप इंडोनेशिया के सुमात्रा तट के पास आया, जिसके बाद उठी भीषण सुनामी लहरों ने कई देशों में अभूतपूर्व तबाही मचाई।

इस आपदा का सबसे ज्यादा असर इंडोनेशिया, श्रीलंका, भारत, थाईलैंड, मलेशिया, मालदीव और आसपास के तटीय क्षेत्रों में देखा गया। कई जगहों पर समुद्र की लहरें बस्तियों में कई किलोमीटर तक घुस गईं, जिससे घर, सड़कें, पुल और पूरा का पूरा बुनियादी ढांचा तबाह हो गया।

आंकड़ों के अनुसार, इस सुनामी में करीब 2 लाख 30 हजार लोगों की जान गई, जबकि लाखों लोग बेघर हो गए। भारत में तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, आंध्र प्रदेश और केरल के तटीय इलाकों में भारी नुकसान हुआ। श्रीलंका और इंडोनेशिया में भी हजारों गांव पूरी तरह नष्ट हो गए।

इस महाविनाश ने न केवल जन-जीवन को प्रभावित किया, बल्कि आपदा प्रबंधन की वैश्विक सोच को भी बदल दिया। इसके बाद हिंद महासागर क्षेत्र में सुनामी चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों से समय रहते बचाव किया जा सके। यह सुनामी आज भी मानव इतिहास की सबसे दर्दनाक आपदाओं में गिनी जाती है और यह हमें प्रकृति की अपार शक्ति तथा सतर्कता और तैयारी के महत्व की याद दिलाती है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1748 - फ्रांस और आस्ट्रिया के बीच दक्षिणी हॉलैंड को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किये गये।

1904 - दिल्ली से मुंबई के बीच देश की पहली क्रॉस कंट्री मोटरकार रैली का उद्घाटन।

1925 - तुर्की में ग्रेगोरियन कैंलेडर अपनाया गया।

1925 - भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना।

1977 - सोवियत संघ ने पूर्वी कजाख क्षेत्र में परमाणु परीक्षण किया।

1978 - भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को जेल से रिहा किया गया।

1997 - उड़ीसा की प्रमुख पार्टी, बीजू जनता दल (बीजद) की स्थापना वरिष्ठ राजनेता बीजू पटनायक के पुत्र नवीन पटनायक ने की।

2002 - संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिक्षद ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक आफ़ कांगो में पुन: संघर्ष शुरू होने की सूचना दी।

2003 - रिक्टर पैमाने पर 6.6 की तीव्रता वाले भूकंप से ईरान के दक्षिणी पूर्वी शहर बाम में भारी तबाही।

2004 - रिक्टर पैमाने पर 9.3 की तीव्रता वाले भूकंप से आई सुनामी के कारण श्रीलंका, इंडिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड, मलेशिया, मालदीव और आस पास के क्षेत्रों में भारी तबाही। दो लाख तीस हजार लोगों की मौत।

2006 - शेन वार्न ने अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में 700 विकेट लेकर इतिहास रचा।

2007 - तुर्क विमानों ने इराकी कुर्द ठिकानों पर हमले किये।

2008 - कृतिका को हराकर तानिया संयुक्त शीर्ष पर पहुँची।

2012 - चीन की राजधानी बीजिंग से ग्वांग्झू शहर तक बनाए गए दुनिया के सबसे लंबे हाई स्पीड रेलमार्ग को खोला गया।

जन्म

1666 - सिखों के दसवें गुरु गाेविन्द सिंह का जन्म।

1716 - थॉमस ग्रे - 18वीं शताब्दी के प्रसिद्ध अंग्रेज़ी कवियों में से एक।

1899 - अमर शहीद ऊधम सिंह - स्वतंत्रता सेनानी।

1929 -तारक मेहता - गुजराती साहित्यकार थे।

1935 - माबेला अरोल - भारतीय समाज सेवी महिला थीं।

1935 - विद्यानंद जी महाराज - प्रसिद्ध संत-महात्माओं में से एक हैं।

1948 - प्रकाश आम्टे - प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता तथा चिकित्सक हैं।

निधन

1530 - बाबर - मुगल सम्राट

1831 - हेनरी लुईस विवियन डेरोजियो - कवि का कलकत्ता(अब कोलकाता)।

1961 - भूपेंद्रनाथ दत्त - भारत के स्वतंत्रता संग्राम के प्रसिद्ध क्रांतिकारी, लेखक तथा समाजशास्त्री थे।

1966 - गोपी चन्द भार्गव - 'गांधी स्मारक निधि' के प्रथम अध्यक्ष, गाँधीवादी नेता, स्वतंत्रता सेनानी और पंजाब के प्रथम मुख्यमंत्री।

1976 - यशपाल - हिन्दी के यशस्वी कथाकार और निबन्ध लेखक

1986 - बीना दास - भारत की महिला क्रांतिकारियों में से एक।

1989 - के. शंकर पिल्लई - जिन्हें शंकर के नाम से जाता है, प्रसिद्ध भारतीय कार्टूनिस्ट थे।

1998 - राम स्‍वरूप, वैदिक परम्परा के प्रमुख बुद्धिजीवी थे।

1999 - शंकरदयाल शर्मा - भारत के नवें राष्ट्रपति।

2011 - एस. बंगरप्पा - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ तथा कर्नाटक के भूतपूर्व 12वें मुख्यमंत्री थे।

2015 - पंकज सिंह - समकालीन हिन्दी कविता के महत्त्वपूर्ण कवि।

2024 - मनमोहन सिंह - भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन।

महत्वपूर्ण दिवस

-वीर बाल दिवस।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags