

रुद्रपुर, 09 दिसंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा कि हिंदुत्व भारत की पहचान है और यह केवल धार्मिक पहचान नहीं है, भौतिक पहचान भी है। संघ ने हिंदुत्व ही भारत की पहचान के मंत्र को आधार मानकर संघ को आगे बढ़ाया है और यही संघ की 100 वर्षों की यात्रा का स्रोत है।
जेसीज पब्लिक स्कूल के सभागार में सरकार्यवाह होसबाले ने संघ के 100 वर्ष की यात्रा पर आयोजित प्रमुख गोष्ठी को संबोधित करते हुए यह बातें कही। होसबाले ने कहा कि संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार ने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और बहुत से क्रांतिकारियों का सहयोग भी किया किंतु उनके मन में यह विचार हमेशा चलता रहा कि भारत एक प्राचीन राष्ट्र है और हमेशा से ही भौतिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में उन्नति करता रहा है। यहां किसी चीज का अभाव न था, फिर भी वह कौन सा कारण था कि हम बार-बार प्रभावित होते थे और हमारे समाज में मानसिक एवं बौद्धिक गुलामी का स्वभाव उत्पन्न हो गया है।
होसबाले ने कहा कि संघ केवल व्यक्ति निर्माण का कार्य करेगा और स्वयंसेवक समाज के हर क्षेत्र में कार्य करेंगे। संघ के स्वयंसेवकों ने समाज में विभिन्न क्षेत्रों में बहुत से संगठनों का निर्माण कार्य किया। आज संघ के माध्यम से देश में लगभग एक लाख से ज्यादा सेवा प्रकल्प के कार्य चल रहे हैं। संघ जो भी कर रहा है समाज के सहयोग से ही कर रहा है और समाज में जिस व्यक्ति का राष्ट्र भाव जागृत होता है वो संघ के सेवा कार्य से आकर जुड़ जाता है।
उन्होंने कहा कि भारत के समाज को श्रेष्ठ समाज बनाने के लिए संघ अपना प्रयास जारी रख रहा है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता को अपने स्वभाव में लाने पर जोर देते हुए परिवार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारा भारत तभी सुरक्षित रहा, जब हमारे परिवार सुरक्षित रहे, आर्थिक रूप से भी मजबूत रहा, किसान के पुत्र ने किसानी की, बुनकर के पुत्र बुनकर बने और ये परम्परा आज भी चल रही है। यही स्वदेशी का भाव है।
उन्होंने कहा कि समाज के लिए अच्छे काम करने के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। इससे समाज को प्रगति मिलती है। संघ ने ऐसे लोगों को संघ के लिए काम करने वाला बताते हुए कहा कि संघ के कार्यकर्ता इसमें मदद करते है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत बदलेगा ऐसा वातावरण बनेगा ऐसा उन्हें विश्वास है।
कार्यक्रम में मंच पर डॉ बहादुर सिंह बिष्ट प्रांत संघचालक ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न संगठनों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार